- Hindi News
- एसएमओ सहित 8 चिकित्सक मिले ड्यूटी से गैरहाजिर
एसएमओ सहित 8 चिकित्सक मिले ड्यूटी से गैरहाजिर
एसडीएमरविन्द्र यादव ने शुक्रवार को सीएचसी गुरावड़ा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सीएचसी में कार्यरत 8 चिकित्सक ड्यूटी गैरहाजिर पाए गए, यहां तक कि स्वयं एसएमओ भी अपने कार्यालय में मौजूद नहीं थे। जैसे ही एसडीएम निरीक्षण के लिए वहां पहुंचे उसके कुछ देर बाद एसएमओ अपने कार्यालय में उपस्थित हुए। एसडीएम ने एसएमओ को स्टाफ के इस रवैये के लिए स्पष्टीकरण देने के लिए उन्हें अपने कार्यालय में आने के निर्देश दिए हैं।
एसडीएम ने कहा कि औचक निरीक्षण का कार्य आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के अधिकारी कर्मचारी डयूटी के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझें और समय पर कार्यालय में आकर अपना कार्य करें। उन्होंने कहा कि चिकित्सक का कार्य समाज के लिए सेवा भाव का है। इसलिए यदि चिकित्सा सुविधा समय पर नहीं मिले तो फिर यह बड़ी लापरवाही है। उन्होंने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य के प्रति किसी भी प्रकार की कोताही लापरवाही को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अस्पताल में मरीज किसी भी समय इलाज के लिए सकते हैं, ऐसे में चिकित्सकों का वहां उपलब्ध होना अति आवश्यक है ताकि मरीजों की जांच की जा सके।
उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि इस संबंध में किसी भी प्रकार की कोताही लापरवाही के लिए संबंधित चिकित्सक स्वयं जिम्मेवार होगा। उन्होंने गंभीर मरीजों का इलाज सही समय पर करने तथा प्रसूति के लिए महिलाओं को पूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाने की बात पर भी बल दिया। साथ ही चिकित्सकों को निर्देश दिए कि अस्पताल या स्वास्थ्य केन्द्र में दवाइयों टीकों इत्यादि की कमी नहीं होनी चाहिए, जिन दवाइयों का स्टॉक खत्म हो गया है, वे दवाइयां मंगवाई जाएं।
सफाई के दिए निर्देश
एसडीएमने इस दौरान अस्पताल में मरीजों को स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सफाई के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर को गंदगी युक्त बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ज्यादातर बीमारियां गंदगी की वजह से फैलती हैं। यदि अस्पताल स्वयं ही साफ स्वच्छ नहीं होगा तो इसमें मरीजों का इलाज कैसे हो सकेगा। इसलिए अस्पताल संचालक अस्पतालों में शौचालयों, वार्डों, बैड शीट्स, फर्श इत्यादि की नियमित साफ-सफाई करवाएं।