कुंड में अंडरपास बनाने की फिर उठी मांग, रेल मंत्री को लिखा पत्र।
रेवाड़ी। कुंड स्टेशन पर अंडरपास बनाने की मांग पर फिर शोर मचने लगा है। दक्षिण हरियाणा विकास लोकमंच ने केंद्रीय रेल मंत्री को पत्र लिखकर बताया है कि स्टेशन का रास्ता बंद किए जाने से करीब आस पास के 20 गांवों के ग्रामीणों विद्यार्थियों को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
व्यापारियों दुकानदारों का व्यवसाय चौपट हो गया है। मंच ने इसके अलावा रेलवे से जुड़ी अनेक मांगों का ज्ञापन भी भेजा। मंच अध्यक्ष जगजीत सिंह की अध्यक्षता में रेलमंत्री के नाम मांग पत्र भेजा गया।
रेलमंत्री के सामने भी रख चुके हैं मांग : मंच के महासचिव प्रो. रणबीर सिंह ने बताया कि लोगों की मांग जायज है। 13 जनवरी को रेवाड़ी दौरे पर आए रेलमंत्री प्रभु के सामने भी यह मांग रखी थी। रेवाड़ी के गोकलगढ़ रेलवे स्टेशन पर वाशिंग लाइन बनाना, दिल्ली सराय रोहिल्ला लाइन का विद्युतीकरण, रेवाड़ी-बीकानेर रेल लाइन का दोहरीकरण तथा नई अनाज मंडी रेलवे स्टेशन रेवाड़ी पर बुकिंग विंडो तथा सवारी गाड़ियों के ठहराव की भी मांग की गई।