- Hindi News
- जेएनवी करीरा में हेड कुक से मारपीट, न्याय की गुहार
जेएनवी करीरा में हेड कुक से मारपीट, न्याय की गुहार
कनीनाउपमंडल के गांव करीरा स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में मेस स्टाफ में चल रही तनातनी उग्र रूप धारण करती जा रही है। इस बारे में विद्यालय के पीड़ित हेड कुक रामसिंह ने जवाहर नवोदय विद्यालय समिति सहित जिले के शीर्ष अधिकारियों को शिकायत भेजकर कार्रवाई की मांग की है। रामसिंह ने बताया कि वे अक्टूबर 2013 से इस विद्यालय में बतौर हेड कुक के रूप में कार्यरत है। रामसिंह ने जुलाई माह में अपने साथियों द्वारा घटित दुर्घटना की शिकायत विद्यालय के प्राचार्य, क्षेत्रिय कार्यालय जयपुर आयुक्त जेएनवी समिति नोएडा से कर कार्रवाई की मांग की थी। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
अधिकारियों को भेजी गई शिकायत में रामसिंह ने बताया कि मेस के कार्यरत कर्मचारी गजेंद्र, रतन, सोनू तथा वीरसिंह चौकीदार मेरे साथ बेवजह मारपीट करते हैं। छोटी-छोटी बातों को लेकर मुझे मेरी प|ी को मारने की धमकी देते हैं। ये व्यक्ति मेस से आवश्यक सामान चोरी कर बाहर पहुंचाते हैं। इस बारे में कई बार अधिकारियों को अवगत करवाया जा चुका है लेकिन आरोपियों पर अभी तक कार्रवाई नहीं की गई है। रामसिंह ने इस घटना की शिकायत पुलिस महानिदेशक चंड़ीगढ़, आईजीपी रेवाड़ी, एसपी नारनौल, डीसी नारनौल, एसएचओ कनीना प्राचार्य से कर न्याय की गुहार लगाई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। प्राचार्य के पास शिकायत लेकर गया तो प्राचार्य ने आरोपियों का बचाव करते हुए मेरी ड्यूटी मेस से हटाकर अपने कार्यालय में लगा दी। उन्होंने प्राचार्य पर आरोपियों का बचाव करने के आरोप जड़े हैं।
इस संदर्भ में गजेंद्र ने कहा कि रामसिंह ने जो आरोप मेरे ऊपर लगाए हैं वे झूठे हैं। विद्यालय के प्राचार्य एके जैन ने बताया कि रामसिंह ने बिना हमें बताए पुलिस को दरखास्त दी है, जबकि उसकी शिकायत नवोदय विद्यालय समिति जयपुर संभाग को भेज दी गई थी, जिसकी जांच जयपुर संभाग के अधिकारियों द्वारा की जा रही है। व्यवस्था बनाए रखने के लिए उसकी ड्यूटी मेस की बजाय कार्यालय में लगाई गई है।
करीरा स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय।