- Hindi News
- रोहतक दुष्कर्म पीड़िता को न्याय के लिए दिया धरना
रोहतक दुष्कर्म पीड़िता को न्याय के लिए दिया धरना
रोहतकके निर्भया कांड के विरोध में बुधवार को रेवाड़ी के लोगों ने शोक व्यक्त कर दुष्कर्म पीड़िता को श्रद्धांजलि अर्पित की है। मूल प्रवाह अखिल भारत नेपाली एकता समाज नगर समिति की ओर से महाराणा प्रताप चौक स्थित नेहरू पार्क में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। समिति की कोषाध्यक्ष रीता केसरी की अध्यक्षता में वक्ताओं ने दिवंगत को श्रद्धांजलि अर्पित कर पीड़िता के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की।
वक्ताओं ने अपराधियों को फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की। क्षेत्रीय महिला समिति की सदस्य एवं नगर समिति सचिव सीता शर्मा ने कहा कि इस तरह के अपराधों को अंजाम देने वाले आरोपियों को फांसी से कम सजा नहीं देनी चाहिए। मानसिक रूप से बीमार लड़की जो कि उपचार के लिए अपने परिजन के पास आई थी उसके साथ जो कुछ भी हुआ वह जघन्य है। नगर अध्यक्ष विष्णु भंडारी ने कहा कि जनदबाव के कारण ही आरोपियों की गिरफ्तारी संभव हो पाई है। उन्होंने रोहतक बार एसोसिएशन के निर्णय का भी स्वागत किया है। कार्यक्रम को नगर समिति कोषाध्यक्ष देवराज पुन, सलाहकार राम बहादुर, हरि सिंह, जीवन थापा ने भी संबोधित किया। अंत में दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन भी रखा गया।
रेवाड़ी . नेहरुपार्क में मूलप्रवाह अखिल भारतीय नेपाली समाज नगर समिति की बैठक को संबोधित करते सलाहकार रामबहादुर।