टिकट कटने पर पूर्व विधायक के बगावती सुर
रोहतक/सांपला। हसनगढ़से भाजपा के विधायक रहे नरेश मलिक बेरी से टिकट कटने के बाद निर्दलीय मैदान में उतर सकते हैं। अंतिम फैसला लेने के लिए मलिक ने छारा गांव में 26 सितंबर को महापंचायत बुलाई है। रविवार को सांपला स्थित कार्यालय में समर्थकों को मन टटोल कर यह फैसला लिया। मलिक हसनगढ़ से भाजपा के विधायक रहे हैं, लेकिन हसनगढ़ हलका टूटने के बाद अब बेरी हलके से पार्टी की टिकट पर चुनाव लड़ने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन लोकसभा चुनाव की तरह विधानसभा चुनाव में भी मलिक के हाथ से टिकट निकल गई। बीजेपी ने विक्रम कादयान को टिकट दी है। बदले राजनीतिक हालात में पूर्व विधायक ने रविवार को सांपला कार्यालय में कार्यकर्ताओं की बैठक की। उन्होंने कहा कि उनको पार्टी ने धोखे में रखा। उन्हें अंत तक विश्वास दिलाया गया कि बेरी से उनकी टिकट पक्की है। अब कार्यकर्ता फैसला लें, उन्हें आगे क्या करना है। इसके लिए 26 सितंबर को छारा गांव में बेरी हलके के 41गांवों की महापंचायत होगी।