केंद्रीय मंत्री से मिलने का प्रयास करने वाले 35 ग्रामीणों के खिलाफ केस
किसानोंके मसीहा चौधरी छोटूराम के गांव सांपला में ग्रामीण ज्यादती का शिकार हो गए। केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र सिंह की इंतजार में सड़क पर खड़े 35 लोगों के खिलाफ पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग रोकने का केस दर्ज किया है। इनमें से चार नामजद हैं।
जानकारी के मुताबिक केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र सिंह 11 फरवरी को अपने नाना चौधरी छोटूराम के गांव सांपला आए थे। लोग उनके स्वागत में खड़े थे। मंत्री के आने में विलंब होने पर लोग राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर दस पर जमे। कुछ ही देर में भीड़ बढ़ गई।
हाईवे पर भीड़ को देख पुलिस ने उन्हें हटाने का प्रयास किया। प्रयास के बावजूद लोग नहीं हटे। ऐसे में वहां नजारा जाम सरीखा हो गया। पुलिस ने ग्रामीणों को चेतावनी भी दी। बाद में पुलिस ने सख्ती बरतते हुए केस दर्ज कर दिया।
एसआई धर्मबीर ने अपनी शिकायत में कहा है कि सांपला निवासी रमेश, भालू, बिंदर लाला के अलावा 35 अज्ञात लोगों ने बगैर किसी कारण सड़क जाम कर दी। बार-बार समझाने पर भी वे नहीं माने। इस कारण उनके खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने किसानों को दबाने के लिए जानबूझकर गलत कार्रवाई की है।