मैच एंड कैच ने चोरी की बाइक समेत पकड़वाए दो नाबालिग
पुलिसने दो नाबालिगों को चोरी की बाइक समेत गिरफ्तार किया है। पुलिस के मैच एंड कैच एप ने इन्हें पकड़वाया। सीआईए शाखा दो की टीम ने शुक्रवार को नाके पर जांच के दौरान एप पर बाइक का नंबर सर्च किया था। इन्हें अदालत में पेश करने के बाद हिसार के आब्जर्वेशन होम में भेज दिया गया है।
सीआईए शाखा दो को गुप्त सूचना मिली थी के दो किशोर एक बाइक बेचने की फिराक में घूम रहे हैं। पुलिस ने इस पर कार्रवाई करते हुए एएसआई नरेश कुमार के नेतृत्व में सांपला में नाकाबंदी की। यहां जांच के दौरान दो किशोर एक सप्लेंडर बाइक पर वहां पहुंचे। उनसे बाइक के दस्तावेज मांगे तो वे आनाकानी करने लगे। इस संदेह पर बाइक का नंबर एचआर 12 क्यू 8630 एप पर डाला। नंबर सर्च करते ही बाइक के चोरी होने का पता लगा। इसे सिविल लाइन थाना इलाके से चुराया गया था। इस बारे में पुलिस ने 10 फरवरी को केस दर्ज किया था। इसके चलते दोनों किशोरों को पकड़ लिया गया। ये झज्जर के रहने वाले हैं। इनकी उम्र करीब 15 साल है।
पूछताछ में दोनों ने बताया कि उन्होंने मिलकर सात अक्टूबर की शाम सिवाच अस्पताल के पास से बाइक नंबर एचआर 12 एन 8371 काले रंग की हीरो सप्लेंडर, 12 दिसंबर को एचआर 12 एक्स 2935 सप्लेंडर सन फ्लैग अस्पताल के पास से, 15 जनवरी को दिल्ली बाइपास से एचआर 12 एम 9401 अपाचे टीवीएस, दस फरवरी को दिल्ली रोड स्थित एक मोबाइल कंपनी के कार्यालय के पास से एचआर 12 क्यू 8630 काले रंग की सप्लेंडर चुराई।
पांच हजार वाहनों का रिकॉर्ड दर्ज
मैचएंड कैच एप्लीकेशन में रोहतक जिले से चोरी हुए करीब पांच हजार वाहनों को रिकॉर्ड दर्ज है। इसमें वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर, चेसिस नंबर और इंजन नंबर डालकर सर्च किया जाता है। इनमें से एक का भी मिलान होने पर वाहन चोरी है तो उसकी पूरी सूचना मिल जाती है। जिला पुलिस के सभी करीब 1500 अधिकारियों कर्मचारियों को इस एप्लीकेशन को इस्तेमाल करने बारे जानकारी दी गई है।