हाथ सही तरह से धोने से दूर रहेंगी बीमारियां
भास्कर न्यूज | रोहतक/महम/सांपला
कृमिमुक्त दिवस के तहत बुधवार को जिले महम और सांपला के सरकारी निजी स्कूलों में एक से 19 वर्ष आयु तक के बच्चों युवकों को पेट के कीड़े मारने की दवाई दी गई। मॉडल टाउन स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में उपायुक्त डीके बेहेरा ने छात्राओं को दवाई वितरित कर कृमि मुक्त दिवस की शुरुआत की। उपायुक्त ने छात्राओं से आह्वान किया कि वे अपनी दिनचर्या में सफाई का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि सही तरीके से हाथ धोने मात्र से कई बीमारियों से बचा जा सकता है। ज्यादातर बीमारियां हाथों के जरिये संक्रमण होने से होती हैं।
सांपला ब्लाॅक में सुबह ही स्वास्थ्य विभाग की टीम गोली लेकर आंगनबाड़ी केंद्र स्कूलों में पहुंच गई। दतौड़ स्कूल में स्वास्थ्य विभाग के इंस्पेक्टर सुनील इंदर देवे ने सरपंच सुरेंद्र की देखरेख में बच्चों को गोलियां खिलाईं। पहले दिन ब्लाॅक में 18 हजार बच्चों ने गोलियां खाईं।