प्रीति और निशा ने किया जिले का नाम रोशन
खेलएवं युवा कार्यक्रम विभाग की ओर से शुक्रवार को सर छोटूराम की जयंती बसंत पंचमी के अवसर पर शहर में राज्य स्तरीय हाफ मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ सुबह 8 बजे उपायुक्त अतुल कुमार ने महाबीर चौक धावकों को हरी झंडी दिखाकर किया। समापन समारोह नेता जी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में हुआ। जिसमें मुख्यातिथि के तौर अतिरिक्त उपायुक्त आरएस वर्मा मौजूद रहे।
महाबीर चौक से हीरो-होंडा चौक निजामपुर रोड होते हुए यह हाफ मैराथन दौड़ नेता जी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में पहुंची। इस दौड़ में पुरुष महिला वर्ग में प्रथम स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ियों को 6 हजार, द्वितीय को 5 हजार, तृतीय को 4 हजार, चतुर्थ को 3 हजार, पांचवें स्थान पर आने वाले को 2 हजार रुपए तथा छठे स्थान पर आने वाले खिलाड़ी को 1 हजार रुपए के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसी प्रकार महिला खिलाड़ियों को भी इतनी ही राशि के साथ सम्मानित किया गया। इस मौके पर मुख्यालय चंडीगढ़ से खेल अधिकारी अनीता तेवतिया, जिला खेल अधिकारी जयसिंह पिलानियां, एसके झा, संदीप संघी के अलावा अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।
अनुमान से आधे ही पहुंचे खिलाड़ी दूसरे जिलों के ज्यादा रहे
आयोजकोंकी ओर से अनुमान व्यक्त किया गया था कि इस राज्य स्तरीय हाफ मैराथन में हरियाणा के 20 जिलों से 240 पुरुष एवं 240 महिला खिलाड़ी भाग लेंगे। इसके अतिरिक्त जिला महेंद्रगढ़ से भी 200 पुरुष एवं 200 महिला खिलाड़ी भाग लेंगे। लेकिन अनुमान से करीब आधी संख्या में ही खिलाड़ी पहुंचे। लड़कों की संख्या तो फिर भी ठीक थी, लेकिन लड़कियों की संख्या काफी कम रही। इसमें भी खास बात यह रही कि जितने खिलाड़ी पहुंचे उनमें अधिकांश बाहर के जिलों के ही थे।
चाैथे स्थान पर रही प्रीति।
छठे नंबर के लिए एमडीयू की छात्रा से कक्षा छह की निशा में हुआ मुकाबला
प्रीतिनिशा के साथ जूनियर प्रीति ने भी मैराथन में हिस्सा लिया था। क्योंकि मैराथन में 6-6 विजेताओं को ही पुरस्कृत किया, इस कारण जूनियर प्रीति को इनाम तो नहीं मिला, लेकिन उसकी तेजी स्टेमना ने जता दिया कि वह विजेता ही है। सतनाली खंड के गांव बारड़ा निवासी हवासिंह की यह बेटी महज छठी कक्षा की छात्रा है। मैराथन में वह चंद सेकेंड के अंतर से सातवें स्थान पर खिसक गई। लेकिन देखने वाली बात यह है कि छठे नंबर के लिए उसका मुकाबला रोहतक यूनिवर्सिटी की छात्रा से हो रहा था। जो उम्र में उससे काफी बड़ी थी। जूनियर प्रीति भी निशा प्रीति के साथ ही आगामी सफलता के लिए अभ्यास कर रही है।
ऑल इंडिया वूमन गेम्स में चयन के लिए तैयारी कर रही दोनों छात्राएं
राज्यस्तरीय हाफ मैराथन में चौथा पांचवां स्थान हासिल कर जिले की बेटियों प्रीति निशा ने गौरवांवित किया। दोनों ही सतनाली खंड के गांव श्यामपुरा की रहने वाली हैं। किसान मुरारी सिंह की बेटी प्रीति जाखौद स्कूल में 10वीं कक्षा की छात्रा है। जबकि महेंद्रसिंह की पुत्री निशा आरपीएस कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा है। दोनों ही आरपीएस कॉलेज बलाना में एथलीट कोच अखिलेश तंवर के मार्गदर्शन में अभ्यास कर रही हैं। छात्रा निशा इससे पहले हाल ही में कुरुक्षेत्र में हुई राज्य स्तरीय महिला खेल प्रतियोगिता में 4 गुणा 400 4 गुणा 100 मीटर रिले रेस में गोल्ड जीत चुकी हैं। सोनीपत में हुए इंटर यूनिवर्सिटी गेम्स में भी निशा 800 मीटर में सेकेंड तथा 1500 मीटर में थर्ड पोजिशन पर रही थीं। स्टेट स्कूल गेम्स में भी वह भी गोल्ड मेडलिस्ट है। निशा का कहना है कि वह फिलहाल ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी ऑल इंडिया वूमन गेम्स में चयन के लिए तैयारी कर रही है। इसके लिए वह सुबह शाम 2-2 घंटे अभ्यास कर रही है। प्रीति भी उसके साथ ही पसीना बहा रही है। प्रीति भी स्कूली गेम्स में गोल्ड मेडलिस्ट है। उसका सपना है कि वे एक स्टेट लेवल पर पोजिशन हासिल करेंगी।
पांचवें स्थान पर रही निशा।