38000 नौकरियां निकाली जाएंगी: पंवार
प्रदेशमें जल्द ही पिछड़े कमजोर वर्ग के लोगों के युवाओं के लिए 38000 नौकरियां निकाली जाएंगी। उन नौकरियों को हासिल कर इन वर्गों के लोगों का रहन सहन ऊंचा होने लगेगा। यह बात परिवहन एवं आवास मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कही। वे शुक्रवार को चतरगढ़पट्टी कॉलोनी में संत शिरोमणि सतगुरु रविदास महाराज के 639वें प्रगटोत्सव के उपलक्ष्य में सतगुरु रविदास भवन के शिलान्यास समारोह को बतौर मुख्यअतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 21 फरवरी को रोहतक के दीनबंधु सर छोटूराम स्टेडियम में संत शिरोमणि सतगुरु रविदास महाराज का जन्मोत्सव आयोजित किया जाएगा। उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि वे समारोह में अवश्य जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा पहली बार डाॅ. भीम राव अंबेडकर जयंती, रविदास जयंती, महर्षि वाल्मीकि जयंती और कबीर दास जयंती को भी राज्यस्तर पर मनाने का निर्णय लिया है। इस संबंध में सरकार की ओर से नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया गया है ताकि भविष्य में भी सभी सरकारें संतों और गुरुओं का जन्मोत्सव राज्यस्तर पर मना सकें।
वर्ष 2022 तक सभी परिवारों को मिलेगी छत
पंवारने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आह्वान किया है कि वर्ष 2022 तक पूरे हिंदुस्तान में प्रत्येक परिवार को छत मिले, इसके लिए मकान बनवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रदेश में जिनके पास घर नहीं है, सर्वे करवाकर मकान मुहैया करवाया जाएगा। उन्होंने रविदास भवन के निर्माण के लिए 5 लाख रुपये की राशि अपने निजी कोष से देने की घोषणा की। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष अमीरचंद मेहता के अलावा भाजपा नेता सुनीता, बलवान, मनीष, राजबीर गोदारा, एमएल सारवान, आजाद सिंह तुर सहित अन्य कार्यकर्ता भी थे।
चतरगढ़पट्टी में सतगुरू रविदास भवन मंे आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए परिवहन एवं आवासीय मंत्री कृष्ण लाल पंवार।
परिवहन मंत्री पंवार ने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार संतों और गुरुओं के नाम से अवॉर्ड भी घोषित करेगी और शिक्षण संस्थानों के नाम भी उन्हीं के नाम पर रखे जाएंगे। यह निर्णय मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सभी संतों और गुरुओं में आस्था रखते हुए लिया है।