कबीर बस्ती में स्कूल बनवाने की मांग
सतगुरुकबीर सत्संग मंडल धानक समाज अन्य शहरवासियों ने डीसी को मांग पत्र देकर करीब दो साल पहले दुराचार का शिकार हुई मासूम बच्ची के नाम पर कबीर बस्ती में स्कूल स्थापित करने की फिर मांग की। बुधवार को सिरसा में हुई जिला विजिलेंस मॉनिटरिंग कमेटी की बैठक में कमेटी सदस्य धानक समाज के प्रतिनिधि अमरनाथ बागड़ी ने डीसी के सामने यह मामला उठाया।
उन्होंने बताया कि 27 जनवरी 2012 को कबीर बस्ती की मासूम से दुराचार के बाद हत्या किए जाने के मामले की हर तरफ भर्त्सना हुई थी। उस समय शहर जिले के लोगों ने मांग की थी कि बच्ची की याद में कबीर बस्ती में एक स्कूल खोला जाए।
कबीर बस्ती को सरकार ने मलिन बस्ती घोषित कर रखा है इस क्षेत्र में कोई भी स्कूल नहीं है। लोगों की इस मांग को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया गया था लेकिन अभी तक स्कूल स्थापित नहीं किया जा सका है। उन्होंने उपायुक्त से मांग की कि कबीर बस्ती में स्कूल खोलने की प्रक्रिया जल्द शुरू करवाई जाए। अमरनाथ बागड़ी ने यह भी बताया कि वार्ड न. 4 में 1955 से बनी राजकीय प्राथमिक पाठशाला न. 1 में भी गरीब वर्ग के करीब 500 बच्चे पढ़ते हैं। इस स्कूल को छोड़कर शहर के अन्य स्कूलों को अपग्रेड कर दिया है। उन्होंने मांग की कि इस स्कूल को भी अपग्रेड कर उच्च विद्यालय बनाया जाए। उपायुक्त को दिए मांग पत्र पर पूर्व नपा प्रधान टेकचंद छाबडा़, पूर्व उपप्रधान ओम प्रकाश बागड़ी, पूर्व पार्षद दीपक बागड़ी, पवन बंसल, बनारसी दास, विजय कुमार, संतोष अरोड़ा, जयचंद, ज्योति सेठी, बिंदिया महंत अन्य ने हस्ताक्षर किए।