जेसीडी शिक्षण काॅलेज में नव सत्र पर हवन
सिरसा | जेसीडीविद्यापीठ में स्थापित शिक्षण महाविद्यालय के नवागंतुक बीएड जरनल बीएड स्पेशल के विद्यार्थियों के नए सत्र का शुभारंभ हवन-यज्ञ के साथ हुआ। जिसमें जेसीडी विद्यापीठ के प्रबंध निदेशक रियर एडमिरल राव सुरेंद्र सिंह ने बतौर मुख्यातिथि तथा मुख्य यजमान की भूमिका निभाई। इस मौके पर राव सुरेंद्र सिंह ने नए विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि चौ. देवीलाल ने यह सपना देखा था कि शिक्षा के क्षेत्र में पिछड़े हुए सिरसा को अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित संस्थान प्रदान किया जाए तथा इस जिले के विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्तायुक्त शिक्षा हासिल करने के लिए शहर से बाहर जाना पड़े, जिसे पूर्ण करने में जेसीडी विद्यापीठ सदैव अग्रणी रहेगा। उन्होंने सभी नए विद्यार्थियों को अच्छी शिक्षा प्राप्त करने के लिए अपना आशीर्वाद प्रदान करते हुए कहा कि आपको अच्छा वातावरण मिला है, इसमें खूब मन लगाकर अनुशासन में रहते हुए बेहतर शिक्षा हासिल करें ताकि सदैव कामयाबी प्राप्त हो सके।