- Hindi News
- National
- पानीपत के एक्सईएन लोहान की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कर्मचारी उतरे सड़कों पर
पानीपत के एक्सईएन लोहान की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कर्मचारी उतरे सड़कों पर
जनस्वास्थ्यअभियांत्रिकी विभाग मंडल 2 पानीपत में कार्यरत एक्सईएन सज्जन सिंह लोहान की गिरफ्तारी की मांग को लेकर गुरुवार को सिरसा के जनस्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी सड़कों पर उतर पड़े। उन्होंने एक्सईएन की कार्यशैली से खफा होते हुए उनका पुतला फूंका और सरकार से मांग की कि विभाग में कई घप्पले कर चुके एक्सईएन लोहान को पुलिस गिरफ्तार करें।
जिले भर से जनस्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने टाउन पार्क पहुंचकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। बाद में जनसभा भी की जिसे जनस्वास्थ्य विभाग कर्मचारी यूनियन के अलावा विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रांतीय एवं जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने संबोधित किया। प्रदर्शन की अध्यक्षता यूनियन के जिला प्रधान एवं प्रांतीय महासचिव कृष्ण लाल गुर्जर ने की और मंच संचालन जिला सचिव गुरदीप सिंह ने किया। बाद में जुलूस की शक्ल में विभिन्न बाजारों से होते हुए प्रदर्शनकारी कर्मचारी एसपी कार्यालय गए। एसपी को मांग पत्र देते हुए आरोपी एक्सईएन को गिरफ्तार करने की मांग की। यूनियन के चेयरमैन निर्मल सिंह उपाध्यक्ष राजपाल वालिया ने ढाई माह बीत जाने के बाद भी आरोपी अधिकारी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। इससे कर्मचारियों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भी रोष है। अगर 15 फरवरी तक आरोपी एक्सईएन को गिरफ्तार नहीं किया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। अध्यापक नेता प्रांतीय मीडिया प्रभारी गुरदीप सिंह अौर मंच के प्रांतीय संगठन सचिव मंगतराम नंदन ने कहा कि आरोपी एक्सईएन का पिछला रिकाॅर्ड भी सही नहीं है। राजस्थान की बहरोड़ तहसील में एक औरत के साथ दुष्कर्म के मामले में उसे जेल की हवा खानी पड़ी थी और हरियाणा सरकार ने उस दौरान उसे सस्पेंड भी कर दिया था। सभा को सीवरमैन यूनियन के प्रधान प्रेम कुमार सचिव नरेंद्र शर्मा के अलावा रोडवेज यूनियन के प्रधान मदन लाल खोथ चालक संघ के जिला प्रधान हरीश नेगी ने भी संबोधित किया।
इस मौके पर कर्मचारी नेता रामकुमार बिश्नोई, रामसिंह गिल, रामस्वरूप टाक, कृष्ण जालप, तेलूराम, चाननराम, जमना प्रसाद, बलबीर सिंह, मदन शर्मा, राजकुमार, निहाल सिंह, रिछपाल सिंह, हरिराम जाजड़ा सहित अन्य कर्मचारी भी थे।
सिरसा। जनस्वास्थय अभियांत्रिकी विभाग मंडल-2 पानीपत मंे कार्यकारी अभियंता सज्जन सिंह लोहान की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लालबती चौक पर रोष जताते कर्मचारी।