आज से शुरू करेंगे भूख हड़ताल
निजीएंबुलेंस संचालकों की पीजीटी रोड टैक्स के विरोध में गुरुवार को चौथे दिन भी हड़ताल जारी रही। ऑल हरियाणा प्राइवेट एंबुलेंस एसोसिएशन के बैनर तले धरना स्थल पर दिनभर एंबुलेंस चालकों ने प्रदर्शन किया। सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर अपनी भड़ास निकालते रहे। जिसके चलते निजी एंबुलेंस का चार दिन से लगातार चक्का जाम रखा जा रहा है। वहीं प्रदर्शनकारियों ने शुक्रवार से भूख हड़ताल शुरू करने का निर्णय लिया है।
एसोसिएशन पदाधिकारियों ने हड़ताल के दौरान शहर का जायजा लिया। ताकि कोई भी निजी एंबुलेंस संचालक अपनी गाड़ी को रोड पर उतार सके। ऐसे में जो भी गाडिय़ां बाहर से मरीजों को लेकर आती दिखी। उन्हें बीच रास्ते रोक लिया गया। मरीजों को उक्त गाड़ी से उतरवाकर अपनी गाड़ी के माध्यम से निशुल्क अस्पताल पहुंचाया। इतना ही नहीं उक्त गाड़ी को धरना स्थल पर खड़ी करवाकर संचालक को हड़ताल में शामिल किया गया।
शहर में निजी एंबुलेंस का चक्का गुरुवार को पूरी तरह से जाम दिखा और हड़ताल पूरी तरह से कामयाब देखी गई। हालांकि जिलाभर के मरीजों को हड़ताल का खामियाजा पिछले चार दिनों से लगातार भुगतना पड़ रहा है। मरीज निजी गाड़ियों में अस्पताल पहुंचने को मजबूर हैं। जिन्हें शहर में जाम लगने से घंटों बाद अस्पताल नसीब होता है। जिससे लोगों को समय पर इलाज नहीं मिल पा रहा है।
एसोसिएशन प्रधान पंकज शर्मा ने कहा कि पीजीटी टैक्स, रोड टैक्स रजिस्ट्रेशन टैक्स के खिलाफ यह हड़ताल की गई है। जिलाभर में लगभग 24 एंबुलेंस हैं। जिनमें प्रतिदिन 150 मरीज अप-डाउन होते हैं। लेकिन चार दिनों से इन मरीजों को सरकार की जनविरोधी नीतियों का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि एंबुलेंस पर टैक्स पहले 1 प्रतिशत था। जिसको बढ़ाकर अब 6 प्रतिशत कर दिया गया है। एंबुलेंस जैसी आपातकालीन जीवन रक्षक सेवा पर टैक्स लगाना किसी भी रूप में न्यायसंगत नहीं है। एसोसिएशन प्रधान ने कहा कि सरकार को हर हाल में अपना फैसला वापिस लेना होगा। प्रधान ने कहा कि गुरुवार को राज्य स्तरीय यूनियन के पदाधिकारी सरकार के साथ बैठक कर रहे हैं। अगर बैठक में कोई समाधान नहीं निकला तो हड़ताल आगे भी जारी रहेगी।
सिरसा | डबवाली रोड पर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते हुए निजी एंबुलेस चालक।