दो दिवसीय बसंत पंचमी समारोह कल से
सिरसा | बसंतपंचमी के पावन अवसर पर जय मां सरस्वती सेवा समिति की तरफ से आयोजित होने वाले दो दिवसीय विशाल समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दो दिन तक चलने वाले इस समारोह को लेकर नेहरू पार्क स्थित रामलीला मैदान में भव्य मंच बनाया गया है। जहां नित्य मां सरस्वती की विधिवत मंत्रोच्चारण से पूजा अर्चना होगी। संस्थापक मुन्ना गुप्ता प्रधान रामशरण ने बताया कि समारोह के पहले दिन 12 फरवरी को सवा 8 बजे कार्यक्रम शुरू होगा। उन्होंने बताया कि 10 बजे विभिन्न विद्यालयों से आने वाले विद्यार्थियों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। जिसमें समूह नृत्य, एकल नृत्य, एकल गान श्लोकोच्चारण शामिल किए गए हैं। उन्होंने बताया कि ओपन प्रतियोगिता में विजेता रहने वाले प्रत्येक वर्ग में विद्यार्थियों को 251 रुपये से लेकर 2100 रुपए तक के नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रवक्ता ने कहा कि प्रथम दिन सवा 11 बजे से लंगर भंडारा आरंभ होगा और रात्रि 9 बजे मां सरस्वती का विशाल जागरण आयोजित किया जाएगा। अगले दिन 13 फरवरी को नगर भर में विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी और विसर्जन कार्यक्रम होगा।