अब ऑनलाइन मिलेंगे शराब के ठेके : गजराज
डीसी निखिल गजराज ने बताया कि शराब के ठेके देने की प्रक्रिया को पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए वित्तीय वर्ष 2015-16 के लिए शराब के ठेके ऑनलाइन दिए जाएंगे।
डीसी ने बताया कि व्यापारियों की सुविधा के लिए अप्रैल 2015 से ई-रजिस्ट्रेशन, ई-पेमेंट और ई-फाइलिंग पद्धति अपनाई जाएगी। उन्होंने बताया कि मार्च माह से व्यापारियों के लिए सी फार्म ऑनलाइन उपलब्ध होगा तथा प्रत्येक जिला में सबसे अधिक कर अदा करने वाले तीन व्यक्तियों को सम्मानित करने की एक योजना भी प्रदेश सरकार द्वारा शुरू की जाएगी। उन्होंने बताया कि मूल्य वर्धित कर (वैट) आकलन की इलेक्ट्रॉनिक फाइलिंग रिटर्न प्राप्त करने के लिए ई-वाणिज्य के लिए यूजर अक्सेप्टेंस टेस्ट शुरू किया जा रहा है। आबकारी एवं कराधान विभाग की ओर से अक्टूबर, नवम्बर, दिसम्बर 2014 के दौरान 5 हजार 911 करोड़ का राजस्व एकत्रित किया जबकि गत वर्ष इसी अवधि के दौरान 5 हजार 532 करोड़ रुपए का राजस्व प्रदेश में इकट्ठा किया गया था। उन्होंने बताया कि प्रशासन को चुस्त-दुरूस्त और प्रभावी बनाने के लिए उपमंडलों, तहसीलों, उप तहसीलों, पंचायतों, पंचायत समितियों, खंड और पुलिस थानों के पुनर्गठन के लिए एक मंत्रिमंडलीय कमेटी गठित की गई है। इसके साथ-साथ अचल संपत्ति के सूचीकरण की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।