- Hindi News
- कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ भड़की राजपूत सभा
कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ भड़की राजपूत सभा
सिरसा | कांग्रेसके प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर द्वारा सीपीएस शारदा राठौड़ पर की गई टीका टिप्पणी को लेकर राजपूत सभा में भारी रोष है। इसी मुद्दे को लेकर राजपूत सभा द्वारा एक अहम बैठक बुलाई गई। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पास किया गया। बैठक में कहा गया कि पूरे प्रदेश में राजपूत समाज की एकमात्र विधायक शारदा राठौड़ है और कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष ने इस समाज को अपमानित किया है। निर्णय लिया गया कि यदि अशोक तंवर ने लिखित में माफी नहीं मांगी तो इन चुनावों में तंवर के साथ साथ कांग्रेस का भी विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शारदा राठौड़ को जो कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है, उसे तुरंत निरस्त किया जाए, अन्यथा समाज के लगभग साढ़े पांच लाख मतदाता सड़कों पर उतर कर इसके खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे। इसका खामियाजा अशोक तंवर कांग्रेस को ही भुगतना पड़ेगा। सभा के पदाधिकारियों ने कहा कि इससे पूर्व भी कई कद्दावर नेताओं ने खुले मंच पर पार्टी की नीतियों को लेकर उंगली उठाई और बगावत की मगर अशोक तंवर ने उन्हें नोटिस नहीं दिया और शारदा राठौड़ चूंकि राजपूत समाज से है, इसलिए उन्हें तुरंत नोटिस थमा दिया। पूरा समाज शारदा राठौड़ के साथ है और वह इस नोटिस का जवाब देने के लिए बाध्य नहीं है।