- Hindi News
- सड़क क्रॉस करते समय बोलेरो की चपेट में आने से मासूम की मौत
सड़क क्रॉस करते समय बोलेरो की चपेट में आने से मासूम की मौत
गांवरिसालियाखेड़ा के पास सोमवार सुबह बोलेरो गाड़ी की चपेट में आने से ढाई वर्षीय मासूम की मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। गांव रिसालियाखेड़ा निवासी गुरदीप सिंह का घर बिज्जूवाली-सिरसा रोड पर है। उसका ढाई साल का बेटा निर्मल सुबह अन्य बच्चों के साथ सड़क क्रॉस कर नजदीक स्थित दुकान पर चला गया।
वापसी में सड़क से गुजर रही एक बोलेरो गाड़ी ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के कारण निर्मल की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद बोलेरो चालक वहां से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने उसका पीछा किया तो वह गांव बनवाला के समीप बनी ढाणी के पास गाड़ी छोड़कर भाग गया।
मामले की जांच कर रहे गोरीवाला पुलिस चौकी के एएसआई नरेश कुमार ने बताया कि बच्चे के शव को पोस्टमार्टम उपरांत उसके परिजनों को सौंप दिया है।