- Hindi News
- गोभक्तों ने अनशन तोड़ा पर नहीं थमा गायों के मरने का सिलसिला
गोभक्तों ने अनशन तोड़ा पर नहीं थमा गायों के मरने का सिलसिला
श्री गोशाला की जांच के लिए कमेटी गठित
भास्करन्यूज | सिरसा
श्रीगोशाला में गाय की दुर्दशा के विरोध में सात दिनों तक चला अनशन तो मंगलवार शाम को प्रशासनिक अधिकारियों ने तुड़वा दिया, मगर गाय का मरना लगातार जारी है। बुधवार को भी पांच गाय श्री गोशाला में और मर गई। अभी भी करीब एक दर्जन गाय ऐसी और है। जो कभी भी मौत का शिकार हो सकती है। हालांकि पिछले दिनों के मुकाबले श्री गोशाला में गाय की देखरेख में सुधार हुआ है। उन्हें पराली की जगह तूड़ी मिल रही है। वहीं सफाई व्यवस्था भी ठीक ठाक हो गई है। इधर डीसी ने एसडीएम के नेतृत्व ने श्री गोशाला की जांच करवाने के लिए टीम गठित कर दी है। जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा पांच गो भक्त भी शामिल किए गए हैं। सात दिनों तक अनशन करने वाले सुशील सैनी ने उन आरोपों को सिरे से खारिज किया। जिसमें कहा गया था कि यह अनशन नगरपरिषद के चुनाव को देखते हुए पार्षद बनने की मंशा से किया जा रहा है। इसका जवाब देते हुए सैनी ने चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान भी कर दिया है।
श्री गोशाला में पिछले आठ दिनों की बात करें तो करीब 27 गाय मर चुकी है। बुधवार को पांच गाय मरी है। हालांकि जब से अनशन शुरू हुआ है। गाय का इलाज लगातार किया जा रहा है, मगर गाय का मरना लगातार जारी है। बीमार गाय की सेवा में अनशन से उठे लोग और गोशाला मोहल्ले के निवासी लगे हुए है। वे उन्हें चारा भी डाल रहे है, डॉक्टरी इलाज भी करवा रहे हैं। मगर डॉक्टरों का कहना है कि ये गाय लास्ट स्टेज पर पहुंच चुकी है।
इसलिए इनका बचना मुश्किल है। फिर भी गो भक्तों की तरफ से उन्हें बचाने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल गाय क्यों मर रही है। इसका खुलासा पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों ने अभी तक खुलासा नहीं किया है।प्रशासन ने श्री गोशाला में कमेटी के प्रधान सचिव पर लगे गबन के आरोप श्री गोशाला की प्रोपर्टी की जांच के लिए कमेटी बना दी है। जिसमें एसडीएम परमजीत चहल, तहसीलदार, ईओ शामिल है। वहीं इस कमेटी मे सुशील सैनी, आनंदस्वरूप सैनी, पार्षद रिंकू, बृजमोहन बंसल और मोती सैनी को भी लिया गया है। सुशील सैनी ने बताया कि उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को 15 दिन में पूरी जांच करने की बात कही है।
जिस पर एसडीएम परमजीत चहल ने भी भरोसा दिया है। यहां बता दें कि सात दिनों से अनशन पर बैठे गो भक्तों का अनशन तुड़वाने के लिए डीसी ने मंगलवार शाम को टीम गठित की थी। वह टीम शांत सात बजे श्री गोशाला पहुंची। उन्होंने गो भक्तों की सारी बात सुनकर जांच करने का भरोसा दिया। इस पर अनशनकारी मान गए और एसडीएम परमजीत चहल ने जूस पिलाकर सभी का अनशन तुड़वा दिया।
सिरसा। श्री गोशाल में बीमार मृत पड़ी गाय।
श्री गोशाला कमेटी के 15 फरवरी को होने वाले चुनाव में पूर्व प्रधान बाबूराम,सचिव भागीरथ गुप्ता, प्रेम कंदोई, सज्जन केडिया और राजेंद्र रातुसरिया को किसी भी पद के लिए चुनाव नहीं लड़ने दिया जाएगा। यह बताते हुए सुशील सैनी ने कहा कि वे गोशाला के ट्रस्टी है। सिर्फ अपने वोट का प्रयोग किसी के भी पक्ष में कर सकते हैं। उन्हें चुनाव नहीं लड़ने दिया जाएगा। यहां बता दें कि सचिव भागीरथ गुप्ता को छोड़कर बाकी ने तो पहले ही चुनाव लड़ने की शर्त मान रखी है, मगर बताया जाता है कि भागीरथ गुप्ता अभी भी चुनाव लड़ने पर अड़ा हुआ है। इस पर सुशील सैनी ने कहा कि अगर वह नहीं माना तो यहां पर उसका विरोध किया जाएगा। श्री गोशाला के 131 ट्रस्टी इस दिन अपने वोट का प्रयोग करके नई कमेटी गठित करेंगे। यह चुनाव कार्यकारी प्रधान कुलवंतराय जिंदल के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। वहीं गो भक्तों ने गाय की सेवा करने लिए गो सेवा समिति का गठन किया है। जिसमें करीब 20 लोग शामिल किए हैं। वे कमेटी के साथ मिलकर श्री गोशाला की देखरेख करेंगे।
श्री गोशाला में पूर्व प्रधान बाबूराम द्वारा लगाए गए खुद के नाम के शिलान्यास पत्थर किसी ने तोड़ दिए। वहीं एक बैरक से भी केडिया का नाम मिटा दिया। यहां बता दें कि 25 लाख रुपये की लागत से श्री गोशाला में गो परिक्रमा शेड बनाया गया है। जिस पर दो शिलान्यास पत्थर प्रधान बाबूराम के नाम के लगे हुए थे। जिसे किसी ने तोड़ दिए हैं।