शिवसेना करेगी वेलेंटाइन-डे का विरोध
सिरसा | शिवसेना के कंगनपुर रोड स्थित जिला कार्यालय पर जिला प्रमुख सोमनाथ दुग्गल की अध्यक्षता में शिव सेना की जिला इकाई की एक बैठक आयोजित हुई। बैठक में उपस्थित शिव सैनिकों ने आगामी 14 फरवरी को वेलेंटाइन-डे का विरोध करने का फैसला किया। बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रमुख सोमनाथ दुग्गल ने कहा कि वेलेंटाइन रोम देश में ईसाई धर्म का पादरी था। जिसकी याद में सन् 496 से राजा पोप गेलीसियस ने वेलेंटाइन-डे मनाना शुरू किया था, परन्तु इस प्रचलन से भारतीय संस्कृति का कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि बहुराष्ट्रीय कंपनियां ऐसे आयोजन कर भारतीय संस्कृति के साथ खिलवाड़ कर रही हैं, परन्तु देश का युवा वर्ग शिव सेना के साथ है। उन्होंने युवाओं से इस प्रकार के प्रचलनों से दूर रहने की अपील की। इस अवसर पर जिला उपप्रमुख भूपेन्द्र गौड़, अंकुर गिल, बॉबी, रौनकी कपूर, पवन जोधकां, राजबीर जांगड़ा, सुनील गुप्ता, जोनी शर्मा, राजकुमार सिंगीकाट सहित अन्य शिव सैनिक उपस्थित थे।