घायल का शव मिला अस्पताल के पार्क में
कुछदिन पूर्व ढाणी सावन सिंह के पास बेहोशी की हालत में मिले एक व्यक्ति का सोमवार रात्रि को अस्पताल में ही बने पार्क में शव पड़ा हुआ मिला। पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने मौके पर आकर शव कब्जे में लिया।
मूल रूप से यूपी के बहरगांव जिला नरवाड़ा निवासी करीब 35 वर्षीय बच्चूराम पुत्र रामधनी वायु सेना केंद्र के पास स्थित एक ढाणी में रह रहा था। बीती 6 फरवरी को वह संदिग्ध रूप से इसी ढाणी के पास घायलावस्था में मिला। उसके सिर आंख पर गंभीर चोट लगी हुई थी। उसे सामान्य अस्पताल में लाया गया। यहां से वह रात को एकाएक गायब हो गया। बताया गया है कि वह फिर उसी ढाणी के पास बेहोश मिला और फिर श्मशाबादपट्टी के सरपंच ने जब उसे घायलावस्था में देखा तो पुलिस को सूचित कर उसे फिर से सामान्य अस्पताल में लाया गया। मगर बताया गया है कि रात करीब 11 बजे दोबारा बच्चूराम बिस्तर से उठकर चला गया। मगर इस दफा वह ढाणी नहीं पहुंचा बल्कि मंगलवार सुबह पार्क में उसकी लाश मिली। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
6फरवरी की रात किया था अस्पताल में हंगामा
बतादें कि गत 6 फरवरी को बच्चूराम घायल हो गया था। जिसपर आसपास के लोगों ने उसे अस्पताल में पहुंचाया था। रात्रि को बच्चूराम ने वार्ड में जमकर हंगामा किया और खिड़की के शीशे तोड़कर आत्महत्या का प्रयास किया। यही नहीं कुछ देर बाद ही उसने फंदा लगाने का भी प्रयास किया।