जांच-पड़ताल के बाद तुरंत लोन दें: डीसी
सोनीपत | डीसीराजीव रतन ने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोगों को अधिक से अधिक बैंकिंग सेवाओं का लाभ दें। जो भी जरुरतमंद व्यक्ति लोन लेने के लिए आएं उसकी जांच-पड़ताल कर उसे तुरंत लोन दिया जाए और उसे लोन वापिस जमा करवाने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाए। वह बुधवार शाम को लघु सचिवालय के कांफ्रेंस हाल में जिले के सभी बैंकर्स की मीटिंग में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जन-धन योजना का लाभ प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में प्रत्येक व्यक्ति को इस योजना के तहत बैंकिंग सिस्टम से जोड़ा जाए। इसके अलावा बैंकों द्वारा लघु उद्योग और डेयरी फार्मों के लिए दिए जाने वाले लोन की भी उन्होंने समीक्षा की और कहा कि जो भी जरुरतमंद व्यक्ति लोन लेने के लिए आएं उसकी जांच-पड़ताल कर उसे तुरंत लोन दिया जाए और उसे लोन वापिस जमा करवाने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्रालय के आदेशानुसार प्रत्येक बैंक में एटीएम होना अति आवश्यक है। उन्होंने इस दौरान जिला उद्योग केंद्र, पशुपालन विभाग, मत्स्य पालन विभाग अन्य विभागों द्वारा चलाई जा रही स्कीमों के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने विभागों के अधिकारियों से कहा कि वे लोगों को स्कीमों की जानकारी दें और उन्हें स्कीमों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करें। ताकि वे समय रहते स्कीमों का लाभ उठा सके।