मारपीट कर मांगी 3 लाख रुपए की चौथ
सोनीपत| निरथानगांव के एक युवक के साथ मारपीट कर तीन लाख रुपए की चौथ मांगने का मामला प्रकाश में आया है। युवक का आरोप है कि नकलोई के एक युवक ने पहले तो अपने साथियों के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की और फिर 3 लाख रुपए की चौथ मांगी। युवक ने मामले की शिकायत सदर थाना पुलिस को दी है। पुलिस ने इस संदर्भ में आरोपी युवक अन्य पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। संदीप पुत्र अत्तर सिंह निवासी गांव निरथान ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि संदीप पुत्र महेंद्र निवासी गांव नकलोई ने उसके साथ पहले तो 19 तारीख को मारपीट की और फिर जान से मारने की धमकी देकर 3 लाख रुपए देने को कहा। शिकायतकर्ता संदीप निवासी निरथान ने पुलिस को बताया कि जमीन के सौदे को लेकर आरोपी संदीप उसे नाजायज तंग कर रहा है। उसने जब 2 एकड़ जमीन अनिल निवासी हवासिंह के नाम कर दी तो आरोपी संदीप ने उसे तंग करना शुरू कर दिया। 19 तारीख की सुबह वह अपने साथियों के साथ आया और फिर उसके साथ जमकर मारपीट की। इसके बाद आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी देकर कहा कि यदि उसने उसे 3 लाख रुपए नहीं दिए तो परिणाम गलत होगा। संदीप निवासी निरथान ने मामले की शिकायत दी है। सदर थाना प्रभारी दलबीर डांगी ने कहा कि संदीप निवासी नकलोई अन्य पर धमकी देकर पैसे मांगने मारपीट का मामला दर्ज कर लिया है। जल्दी ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।