- Hindi News
- जम्मू कश्मीर में आई बाढ़ ने कर दिया सेब को महंगा
जम्मू कश्मीर में आई बाढ़ ने कर दिया सेब को महंगा
जम्मूकश्मीर में आई बाढ़ का असर अब जिले में दिखाई देने लगा है। पिछले दस दिन से कश्मीर से सेब की सप्लाई बंद है। हिमाचल के शिमला कुल्लू से ही सेब की सप्लाई हो रही है। सप्लाई कम होने से दाम में 20 से 25 रुपए की वृद्धि हो गई। बावजूद इसके अच्छी क्वालिटी का सेब कम मिल रहा है।
सब्जी मंडी के आढ़ती ललित खत्री ने बताया कि देश में सेब की फसल सबसे ज्यादा कश्मीर में होती है। कश्मीर के 60 फीसदी लोग प्रत्यक्ष अप्रत्यक्ष रूप से सेब के कारोबार से जुड़े हैं। बाढ़ के कारण वहां की सप्लाई बंद हो गई है। सभी व्यापारी अब शिमला कुल्लू से सेब मंगवा रहे हैं।
मंडी में प्रतिदिन दो से तीन गाड़ियां सेब की आती हैं। ज्यादा डिमांड बढ़ने पर यह संख्या पांच तक पहुंच जाती है। पिछले एक पखवाड़े से सेब की सप्लाई कश्मीर से बंद है। बारामूला के सोपोर से सेब की सप्लाई होती है। प्रतिदिन 2000 से 2200 पेटियां सेब की मंडी में खपती हैं। वहां की सप्लाई बंद होने से सेब महंगा हो गया है। पहले सेब थोक में 40 से लेकर 55 रुपए प्रति किलोग्राम बिक रहा था, लेकिन 50 रुपए से लेकर 70 रुपए किलो बिक रहा है। सामने नवरात्र होने के कारण आढ़तियों और दुकानदार सभी की सांसें फूलने लगी है। वैसे भी इन दिनों हिमाचल में सेब की फसल पहले तैयार हो जाती है और इसके बाद कश्मीर में फसल आती है। इसके अलावा चीन से भी सेब रहा है, लेकिन चीन के सेब का स्वाद इतना अच्छा नहीं है। अच्छी क्वालिटी का सेब कश्मीर से ही आता है।
कश्मीरमें इस बार फसल अच्छी थी : सब्जीमंडी फ्रूट एंड वेजिटेबल एसोसिएशन के महासचिव इंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि कश्मीर से सेब लेकर आने वाले सप्लायरों से बातचीत की गई तो उन्होंने वहां का हाल बयां किया। उन्होंने बताया कि इस बार फसल बहुत अच्छी थी। बागों में सेब सड़ रहा है। ज्यादातर रास्ते बंद हो गए हैं या बह गए हैं। बारामूला में सेब सबसे ज्यादा सड़ रहा है। बागों में सेबों के ढेर लगे हुए हैं। रुक रुककर हो रही बरसात से सेब सड़ने लगा है। बागों तक पहुंचना मुश्किल है। वहां के लोगों के अनुसार आगे ठीक ठाक रहा तो 20 से 25 दिन रास्ते खुलने में लग जाएंगे।