पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • पूजा सामग्री प्रवाहित करने गया युवक यमुना में बहा

पूजा सामग्री प्रवाहित करने गया युवक यमुना में बहा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
यमुनाके झुंडपुर घाट पर हवन की राख प्रवाहित करते समय कबीर गांव का एक युवक पानी के तेज बहाव में बह गया। युवक को पानी में डूबता देख साथियों ने शोर मचाया, लेकिन जब तक कोई मदद के लिए आता युवक पानी में समा चुका था। सूचना के बाद पुलिस प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और युवक की तलाश की, लेकिन देर शाम तक युवक को कोई सुराग नहीं लग पाया था। वहीं युवक के परिजन घटना से स्तब्ध है और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।

राकेश 24 पुत्र नरेश सैनी निवासी कबीरपुर गांव का रहने वाला था। परिजनों ने बताया कि राकेश विश्वकर्मा दिवस पर किए गए हवन की राख प्रवाहित करने यमुना के घाट पर गया था। जब वह झुंडपुर स्थित घाट से राख प्रवाहित कर रहा था तो अचानक वह पानी के भंवर में फंस गया। इसके बाद जैसे ही साथियों ने उसे डूबते देखा मदद के लिए आवाज लगाई। लेकिन चंद ही मिनटों में राकेश पानी के अंदर चला गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना के बाद प्रशासन ने युवक की पानी में तलाश की लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं लगा।

राकेश की शादी एक वर्ष पहले ही हुई थी। उसकी एक बेटी है। घटना के बाद से उसके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शोक में डूबे परिजनों ने बताया कि यदि उन्हें पता होता कि यमुना के घाट पर राकेश के साथ इस तरह की घटना होने वाली है तो वह कभी हवन की राख बहाने यमुना पर नहीं भेजते।