पेंशन खाते खोलने में दिक्कत हो: एडीसी
एडीसी वीरेंद्र लाठर ने कहा है कि वृद्धावस्था सम्मान भत्ता, विकलांग पेंशन और विधवा पेंशन सहित सरकार द्वारा दी जा रही विभिन्न पेंशन स्कीमों के खाते जल्द से जल्द खोले जाएं।
इसके लिए सभी बैंकों को वार्ड और गांव निर्धारित कर दिए गए हैं। इसलिए प्रत्येक बैंक विशेष शिविर लगाकर बैंक खाते खोले और अगर जरूरत पड़े तो बुजुर्गों विकलांगों के घर पर जाकर भी खाता खोला जाए। एडीसी शनिवार को हिंदू स्कूल के पास स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक द्वारा लगाए गए पेंशन शिविर का निरीक्षण करने के बाद बैंक अधिकारियों को निर्देश दे रहे थे।
उन्होंने कहा कि फरवरी की पूरी पेंशन मार्च महीने में बैंक खातों के माध्यम से दी जाएगी। इसके लिए सभी बैंकों को बैंक खाते खोलने के निर्देश दिए गए हैं। बैंक खाते अलग से खोले जाएंगे और अगर तीन महीने तक किसी बैंक खाते से पेंशन नहीं ली गई तो वह वापिस सरकार के खाते में चली जाएगी। सभी बैंकों को पांच सौ से सात सौ बैंक खाते खोलने का लक्ष्य दिया गया है। सभी बैंक शिविर लगाकर यह खाते खोले और जल्द से जल्द इनकी रिपोर्ट जिला समाज कल्याण विभाग को सौंपे दें।
यह सब लोगों की सुविधा के लिए किया गया है ताकि किसी भी बुजुर्ग को किसी भी प्रकार की परेशानी हो। इस अवसर पर डीडीपीओ दलीप सिंह, बैंक के मैनेजर मलय कुमार भी उपस्थित रहे।