रोडवेज यूनियन ने किया रोष प्रदर्शन
सोनीपत | सर्वकर्मचारी संघ और महासंघ सहित रोडवेज में कार्यरत विभिन्न यूनियनों के पदाधिकारियों ने गुरुवार सुबह नौ बजे बस अड्डा के एकत्रित होकर प्रदर्शन किया। संगठनों के पदाधिकारियों ने जीएम जयपाल राणा को मांग पत्र सौंपा। रोडवेज वर्कर्स यूनियन के सचिव संजय कुमार ने कहा कि सरकार द्वारा बार-बार वादा खिलाफी की जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने कर्मचारियों के विरोध में फैसले लेने शीघ्र ही बंद नहीं किए तो सरकार के विरुद्ध बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
प्रधान रघुवीर कुंडू ने कहा कि सरकार और यूनियन के प्रतिनिधियों के बीच बातचीत हुई थी, लेकिन सरकार द्वारा अब तक कोई पहल नहीं की गई है। जिससे कर्मचारियों में रोष है। उन्होंने कहा कि सरकार से निजी बसों का परमिट रद्द करने के लिए लंबे समय से मांग की जा रही है। लेकिन अब तक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया है। महासंघ के प्रदेश महासचिव जगमोहन आंतिल ने कहा कि प्रदेश के निवासियों कर्मचारियों को भाजपा से बड़ी उम्मीद थी। अब जब भाजपा की सरकार बन गई है तो हीला हवाली की जा रही है। कर्मचारियों की मांगों की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।