- Hindi News
- ऑनलाइन शिकायत कर पड़ोसी को कर रहे रात में परेशान
ऑनलाइन शिकायत कर पड़ोसी को कर रहे रात में परेशान
उत्तरीहरियाणा बिजली वितरण निगम द्वारा शुरू की गई ऑनलाइन शिकायत प्रणाली कर्मचारियों के लिए सिरदर्द बन रही है। लोग अपने पड़ोसियों किसी का भी एड्रेस दर्जकर झूठी शिकायत कर देते हैं। जब कर्मचारी उस पते पर शिकायत अटेंड करने के लिए पहुंचते हैं तो मालूम पड़ता है कि यहां तो इस प्रकार की कोई समस्या ही नहीं है।
अच्छी बात यह है कि ऑनलाइन शिकायतों को दायरा अब मैनुअल शिकायतों से अधिक हो गया है। बिजली निगम को हर महीने औसतन 400 शिकायतें मिल रही हैं। इनमें अधिकतर ऑनलाइन है जबकि मैनुअल एसएमएस से कम शिकायतें मिल रही है। इनमें से 45 शिकायतें लोगों ने पड़ोसी को आधी रात में परेशान करने के लिए रात को की हैं।
बिजली निगम के उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच को डायरेक्ट शिकायत भेजकर अपनी समस्या का समाधान करने का प्रयास करते हैं। वित्त वर्ष 2014 अप्रैल से लेकर अब तक ऑनलाइन तरीके से करीब 2400 शिकायतें हो चुकी हैं। यानि औसतन 400 शिकायतें हर माह अधिकारियों को मिल रही हैं। लोग सिर्फ तकनीक का ही सहारा नहीं ले रहे बल्कि कार्यालयों में लगने वाली भीड़ और परेशानी से भी बचना चाहते हैं।
ऑनलाइन के फायदे : ऑनलाइनशिकायत के कई फायदे हैं। पहला तो समय बचता है घर बैठे ही सुविधा मिल जाती है। दूसरा सरकारी कार्यालयों में धक्के नहीं खाने पड़ते। इसके अलावा जो शिकायत की जाती है अगर निर्धारित समय में उस पर निचले स्तर का कर्मचारी काम नहीं करता है तो वह ऑटोमेटिक एसडीओ के पास चली जाती है। अगर यहां पर सुनवाई नहीं होती तो इसी तरह वह एक्सईएन, एसई से होते हुए हेड ऑफिस भी पहुंच जाती है। जिसके कारण संबंधित कर्मचारी शिकायत मिलते ही अटेंड करने का प्रयास करते हैं।
उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच के पास जितनी शिकायतें पहुंच रही हैं उनमें सबसे ज्यादा ऑनलाइन हैं। इसके बाद लेटर से और सबसे कम एसएमएस से शिकायत मिली हैं। निगम को ऑनलाइन तरीके से 1750 शिकायतें मिलीं, जिनमें से 1560 का निवारण कर दिया गया। वहीं 405 शिकायतें मैनुअल लेटर के जरिए की गईं और एसएमएस से 245 शिकायतें की गई हैं।
निगम को जितनी शिकायतें मिली हैं उनमें सबसे ज्यादा शिकायतें मीटर खराब होने की हैं। किसी का मीटर चलता नहीं, किसी की सील टूटी है तो किसी की रीडिंग ज्यादा है। ऑनलाइन मिली शिकायतों में से मीटर से संबंधित 1100, बिल कनेक्शन संबंधी 500 अन्य शिकायतें 150 की गई है।