- Hindi News
- तरावड़ी के युवा क्रिकेटर ने रणजी ट्राफी में जमाई धाक
तरावड़ी के युवा क्रिकेटर ने रणजी ट्राफी में जमाई धाक
तरावड़ी | युवाक्रिकेटर नवदीप सैनी ने रणजी ट्राफी के एक अहम मैच में दिल्ली को सौराष्ट्र पर विजय दिलाने में अहम भूमिका निभाई है। सहवाग जैसे धुरंधर खिलाड़ियों की टीम में खेल रहे नवदीप ने इस मैच की पहली पारी में गेंदबाजी करते हुए जहां 15 ओवरों में महज 56 रन दिए, वहीं दूसरी पारी में सधी हुई गेंदबाजी करते हुए 18 ओवर में केवल 27 रन देकर तीन विकेट भी झटके। नवदीप ने एक पारी में बल्लेबाजी भी की और नाबाद रहते हुए 13 रन बनाए। तरावड़ी के बेटे के रणजी मैच में उम्दा प्रदर्शन से शहर के लोगों में काफी उत्साह है।
बेटाभारत के लिए खेले बस यही इच्छा : नवदीपके पिता अमरजीत सैनी ने बताया कि वह मैच को लगातार टीवी पर देख रहे थे। जब-जब उनका बेटा गेंदबाजी करने के लिए चलता था तो उन्हें गर्व होता था। उन्होंने कहा कि बचपन से ही नवदीप की क्रिकेट में विशेष रुचि थी। बेटे की रुचि को देखते हुए हमने हमेशा उसका सहयोग किया। उन्होंने बताया कि उनकी इच्छा नवदीप को एक बार भारतीय क्रिकेट टीम में देखने की है। क्योंकि जिस तरह उनका बेटा भारत के लिए खेलेगा वह दिन उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण दिन होगा।
इससे पहले भी कर चुका है प्रतिभा का प्रदर्शन
गौरतलबहै कि पिछले साल भी नवदीप रणजी मैचों में अपनी प्रतिभा दिखा चुका है। उसके साथी राजेश कुमार संदीप कुमार ने कहा कि नवदीप में क्रिकेट के प्रति जुनून है। हमें उम्मीद है कि वह जल्द ही भारतीय क्रिकेट टीम में जगह बनाने में सफल होगा। वहीं कस्बे के होनहार बेटे के स्वागत के लिए लोग तैयार हैं। मैच के बाद घर वापस आने पर शहर के लोगों ने नवदीप का भव्य स्वागत करने की अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं।