इंदिरा गांधी कॉलेज के उत्थान के लिए दिए सुझाव
इंदिरा गांधी राजकीय महाविद्यालय में एलुमिनी मीटिंग का आयोजन किया गया। प्रिंसिपल डॉ. रणधीर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित मीटिंग में महाविद्यालय के पूर्व विद्यार्थियों शहर के गणमान्य लोगों ने शिरकत की।
मीटिंग में महाविद्यालय के उत्थान पर आगंतुकों ने अपने विचार साझे किए। ज्ञात रहे कि दैनिक भास्कर ने उक्त समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित कर सरकार प्रशासन को अवगत करवाया था। जिसका संज्ञान लेते हुए महाविद्यालय प्रबंधन ने यह मुहिम शुरू की है। आगंतुकों ने सबसे पहले महाविद्यालय का भ्रमण किया तथा प्रिंसिपल से महाविद्यालय की समस्याओं बारे विस्तृत जानकारी ली।
महाविद्यालय के पुस्तकालय में आयोजित मीटिंग में वक्ताओं ने कहा कि 18 कमरों में 2500 बच्चों को शिक्षा देना बड़ा कठिन कार्य है। समस्या वाकई गंभीर है तथा इसका शीघ्र समाधान भी बहुत जरूरी है। विचार विमर्श उपरांत उन्होंने कहा कि सबसे अच्छा उपाय तो यही है कि इस महाविद्यालय को गांव जमालपुर शेखां में नवनिर्मित पॉलिटेक्निकल कॉलेज के साथ आपस में शिफ्ट कर दिया जाए। इससे दोनों का काम चल जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए इस मुहिम को एक अभियान के रूप में लेकर काम शुरू करना होगा।
मीटिंग में पहुंचे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला के प्रतिनिधि वेद जांगड़ा, राजेंद्र संधू निगरानी कमेटी चेयरमैन नरेंद्र बंटू से आग्रह किया गया कि वे प्रदेशाध्यक्ष के माध्यम से यह बात सरकार के संज्ञान में लेकर आएं ताकि समस्या का स्थाई निदान हो सके और क्षेत्र के विद्यार्थियों को शिक्षा ग्रहण करने के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध हो।
इस मौके पर आरके बेनीवाल, केके कथूरिया, दुर्गा महिला महाविद्यालय समिति प्रधान राज पंसारी, उपप्रधान मोती सिंगला, महासचिव रमेश बरेटा, कोषाध्यक्ष अनिल गर्ग, शक्ति सिंह, बलजीत सिंह, पवन गिरधर, उमेश मोहन, वेद, सत्यवान आदि मौजूद थे।