- Hindi News
- गेस्ट टीचर करेंगे कांग्रेस उम्मीदवारों का विरोध
गेस्ट टीचर करेंगे कांग्रेस उम्मीदवारों का विरोध
खंडके गेस्ट टीचरों ने अपनी मांगों को पूरा होने के लिए शिक्षा विभाग की वित्तायुक्त सुरीना राजन द्वारा अड़ंगा डालने के विरोध में उनका पुतला फूंका। गेस्ट टीचर यूनियन के खंड प्रधान विजेंद्र पातड़ की अध्यक्षता में सभी गेस्ट टीचर एसडीएम कोर्ट के पुराने परिसर में एकत्रित हुए तथा वहां से जुलूस के रूप में बस स्टेंड चौक में पहुंचे। वहां पर उन्होंने प्रदेश सरकार सुरीना राजन के खिलाफ जमकर नारेबाजी तथा सुरीना राजन का पुतला फूंका। खंड प्रधान ने बताया कि पिछले दिनों दिल्ली में संघ का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा से मिला था। उन्होंने अतिथि अध्यापकों को नियमित करने संबंधी मुख्य सचिव ढिल्लों को पत्र जारी करने के निर्देश दिए परंतु शिक्षा विभाग की वित्तायुक्त सुरीना राजन ने कोर्ट के निर्णय का हवाला देते हुए पत्र जारी करने से मना कर दिया। जिस कारण प्रदेश के करीब 15 हजार अतिथि अध्यापकों में रोष व्याप्त है। अध्यापक नेताओं ने आरोप लगाया कि यह सब सरकार की मिलीभगत है। सरकार जानबूझकर इसे लटकाना चाहती है ताकि आचार संहिता लगने के बाद यह मुद्दा समाप्त हो जाए। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवारों का विरोध करेंगे।