खाद बाहर भेजने के अारोपों की जांच शुरू
एकओर जहां किसान यूरिया खाद पाने के लिए जाम लगाने पर मजबूर हो रहे हैं वहीं दूसरी ओर दो खाद विक्रेताओं द्वारा अपने बिक्री केंद्र से बाहर खाद बेचने का आरोप लगा है। जिसका संज्ञान लेते हुए कृषि विभाग ने पुलिस को शिकायत देकर इसकी जांच करने का आग्रह किया है। पुलिस को दी शिकायत में कृषि विभाग के एसडीओ बलजीत सिंह ने बताया कि शनिवार को उन्हें शिकायत मिली कि दो खाद विक्रेताओं सेवक ट्रेडिंग कंपनी लाली पेस्टीसाइड ने चंडीगढ़ रोड पर ऑटो मार्केट के पास स्थित स्वर्गाश्रम के पास खाद को बेचा है। जिसे लोग अपनी ट्रैक्टर ट्रालियों में भरकर ले जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि शिकायत मिलने पर वे विषय विशेषज्ञ के साथ मौके पर पहुंचे लेकिन उन्हें वहां कुछ नहीं मिला।
उसके बाद उन्होंने दोनों खाद विक्रेताओं की दुकान पर निरीक्षण किया। वहां पर भी उन्हें खाद नहीं मिली जबकि उनके खाद रजिस्टर में खाद दर्ज थी और किसानों के नाम से कैश मीमो कटी हुई थी। एसडीओ ने बताया कि इससे लगता है कि दुकानदारों ने खाद को दुकान पर बेचकर किसी अन्य स्थान पर मिलीभगत कर चोरी छिपे बेचा है जबकि उनके पास उस स्थान पर बिक्री का कोई लाइसेंस नहीं था। उन्होंने पुलिस से इस मामले की जांच कर कानूनी कार्रवाई करने का आग्रह किया है तथा शिकायत की एक एक कापी उपकृषि निदेशक डीएसपी को भी प्रेषित की है।