एक ही रात में दो मकानों से चोरी
तोशाम | मंगलवाररात चोरों ने कस्बे में दो मकानों में सेंधमारी कर जेवरात, बाइक और नकदी चुरा ली। पुलिस ने दोनों ही मामलों में अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी जांच शुरू कर दी है।
पहले मामले में तोशाम निवासी विजय ने पुलिस को बताया कि मंगलवार रात उनके परिवार के सदस्य तीन अलग-अलग कमरों में सोए हुए थे। इसके बाद अज्ञात लोग दीवार फांदकर उसके मकान में घुस गए। वे मकान के एक कमरे की जाली तोड़कर मकान के भीतरी हिस्से में घुस आए। उन्होंने बताया कि इसके बाद उन लोगों ने उनके तीनों कमरों के बाहर कुंडी लगा दी। इसके बाद उन्होंने खाली कमरों को छानते हुए एक एलईडी, साडियां और दो बाइक चुरा ले गए।
इसी प्रकार चोरी की दूसरी घटना में गोयल नर्सिंग होम के पास वाली गली में खाली मकान में सेंधमारी की गई। मकान मालिक वन विभाग के कर्मचारी जगपाल शर्मा ने बताया कि मंगलवार रात उसका मकान बंद था। बुधवार सुबह जब वह अपने गांव मंढाणा से वापस आया तो देखा कि मकान के ताले टूटे हुए हैं। छानबीन के बाद पता चला कि उसके मकान से 15 हजार की नकदी के अलावा सोने और चांदी के जेवर चोरी हो गए।