खानक के ग्रामीण टायर फैक्ट्री से परेशान
तोशाम | गांवखानक के ग्रामीण इन दिनों एक टायर फैक्ट्री से परेशान हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि फैक्ट्री में जलाए जाने वाले टायरों ने गांव का वातावरण दूषित कर दिया है। ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों से फैक्ट्री बंद कराने की मांग की है।
उच्चाधिकारियों को लिखे पत्र में ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि गांव में बनी एक फैक्ट्री में टायरों को जलाया जाता है। इससे निकलने वाले धुएं से पूरे गांव में प्रदूषण फैल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि फैक्ट्री से निकलने वाले धुएं से बच्चे, बूढ़े और महिलाओं में सांस की बीमारी बढ़ रही है। ग्रामीणों ने बताया कि इस बारे में कई बार फैक्ट्री मालिक से मिला जा चुका है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा। ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों से समस्या के समाधान की मांग की है।
इस संबंध में गांव के सरपंच पति संजय कुमार ने बताया कि गांवों वालों की समस्या सही है। प्रदूषण के कारण लोगों को परेशानी हो रही है। फैक्ट्री मालिक को धुएं पर कंट्रोल करना चाहिए।