डाडम की पहाड़ी से गिरा मजदूर गुस्साए साथियों ने किया हंगामा
डाडमकी पहाड़ी में काम करते समय बागनवाला निवासी एक मजदूर ऊपर से गिर गया। उसे घायल अवस्था में हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना से गुस्साए डंपर चालक और मजदूर नेताओं ने खानों में डंपर बंद कर जमकर हंगामा किया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह बागनवाला का संदीप डाडम की पहाड़ी में काम कर रहा था। जहां वह काम कर रहा था, उसके नीचे पहाड़ी में जेसीबी से पत्थर निकाला जा रहा था। इससे पत्थर खिसक गया और संदीप नीचे गिर गया। संदीप की घायल होने की सूचना मिलते ही सभी डंपर चालकों ने खानों में डंपरों को बंद कर दिया और पहाड़ी के प्लाट नंबर तीन में एकत्रित हो गए। उसके बाद मजदूर नेता मजदूर भी वहां जमा हो गए। उन्होंने ठेकेदार के खिलाफ जमकर नारे लगाए। डंपर चालकों, मजदूर नेता मजदूरों ने कहा कि ठेकेदार के कर्मचारियों पर लापरवाही के कारण संदीप पहाड़ी से गिरा है। उनका आरोप है कि उन कर्मचारियों ने उसे उठाया तक नहीं, बल्कि यहां के ही मजदूरों ने ही उसे बाहर निकाला और उपचार के लिए भेजा। उन्होंने मांग की कि पहाड़ी में काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा की व्यवस्था की जाए। थाना प्रभारी रविंद्र कुमार बताया कि घायल व्यक्ति के बयान दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।