बधावड़ ने अहर को तीन अंकों से हराया
बागनवालाकी सर्कल कबड्डी प्रतियोगिता में सोमवार को बधावड़ ने अहर को तीन अंकों से पराजित किया। अहर की टीम को हराने के लिए बधावड़ के खिलाड़ियों को खासी मशक्कत करनी पड़ी। स्पर्धा में मुख्य अतिथि के रूप में हिसार के जिला खेल अधिकारी छाजूराम गोयत पहुंचे।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण खेलकूद स्पर्धाएं युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक करने में अहम भूमिका निभा रही हैं। इन्हीं के माध्यम से देश के लिए अच्छे खिलाड़ी सामने आएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि किसी गांव की पंचायत या संस्था किसी खेल को गोद लेना चाहती है तो खेल विभाग उसका स्वागत करती है इसके साथ यह जरूरी है कि वह पंचायत या संस्था खिलाड़ियों के लिए रहने का स्थान भी उपलब्ध करवाए ताकि खिलाड़ियों को अधिक से अधिक सुविधाएं मिल सकें। रविवार को एक दर्जन से ज्यादा कांटे के मुकाबले हुए। जिसमें खिलाड़ियों ने जमकर अपना दमखम दिखाया। स्पर्धा में बहु अकबर ने पालड़ा को दो अंकों से, बधावड़ ने पिजोखरा को चार अंकों से, खेदड ने कौथकलां को सात अंकों से, सिरसल ने अलेवा को दो अंकों से, घिराय ने जाखलखेड़ी को एक अंक से मात दी।
प्रतियोगिता में कुलदीप पटौदी ने मंच का संचालन किया। इस मौके पर डेरा बुशान के महंत सोमनाथ, अनिल गर्ग बागनवालिया, अनूप बागनवाला, राजकुमार बागनवाला, सुखबीर चेयरमैन, उमेश बागनवाला, दीपू, बिजेंद्र कोच, वीरेंद्र श्योराण, कुलदीप जटासरा, मास्टर भरथ सिंह, पिंकू, कुलदीप, सोमबीर, पवन कुमार, सुखबीर पंघाल सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित थे।