नहीं मिला रिमांड, पिंकी को भेजा जेल
स्टेटविजिलेंसब्यूरो की टीम ने रिश्वत कांड में गिरफ्तार हरविंद्र पाल सिंह उर्फ पिंकी को जगाधरी कोर्ट में पेश किया। टीम ने कोर्ट से पिंकी की रिमांड अवधि बढ़ाने की मांग की लेकिन कोर्ट ने रिमांड नहीं दिया। कोर्ट ने मामले में सुनवाई करते हुए हरविंद्र को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। उल्लेखनीय है कि पिंकी रिश्वत कांड में दो दिन के रिमांड पर चल रहा था, शनिवार को रिमांड अवधि खत्म हो रही थी। टीम का कहना है कि रिमांड के दौरान पिंकी से कई अहम सुराग हाथ लगे हैं। वहीं विजिलेंस की ओर से अब सीआईए टू के सब इंस्पेक्टर से पूछताछ की जा सकती है। क्योंकि उन पर रिश्वत मांगने का आरोप लगा है।
विजिलेंस ब्यूरो के जांच अधिकारी शमसेर सिंह ने बताया कि वाहनों की खरीद फरोख्त के मामले में पुलिस ने 10 दिसंबर की रात को अम्बाला से एक लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए हरविंद्र सिंह को गिरफ्तार किया था। कोर्ट में पेश कर उसका दो दिन का रिमांड लिया गया था। शनिवार को उसकी रिमांड अवधि खत्म होने पर उसे दोबारा कोर्ट में पेश किया गया। उन्होंने बताया कि विजिलेंस टीम ने कोर्ट से हरविंद्र का दोबारा पुलिस रिमांड मांगा था, लेकिन कोर्ट ने रिमांड अपील रद कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
उनका कहना है कि रिश्वत के मामले में यमुनानगर के सीआईए टू के सब इंस्पेक्टर नरेश कुमार पर आरोप लगे हैं। रिश्वत की यह रकम वाहनों के खरीद फरोख्त के मामले में जसपाल से ली गई थी। रिश्वत मांगने पर जसपाल ने डीजी विजिलेंस को 28 अक्टूबर शिकायत दी थी। टीम ने इस दौरान पिंकी को रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोच लिया था।