आसमां की छत है...ने किया भावविभोर
यमुनानगर | बच्चेआने वाले कल की धरोहर है और शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक आयोजन इन विद्यार्थियों के सर्वागींण विकास के लिए नितांत आवश्यक है। यह शब्द हरियाणा विधानसभा स्पीकर कंवरपाल ने डीएवी स्कूल के वार्षिकोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि बोलते हुए कहे।
कंवरपाल ने दीप प्रज्ज्वलित तक कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम का आगाज किया। इसके अतिरिक्त स्वामी दयानंद सरस्वती के जीवन चरित्र पर प्रकाश डाला गया और आर्य समाज की उपयोगिता श्रेष्ठता पर भी प्रकाश डाला गया। केजी कक्षा की छात्राओं ने हरियाणा पंजाब की मिट्टी की खुशबू को पारंपरिक गिद्दे की शक्ल में प्रस्तुत कर उपस्थित जन समूह को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। आसमां की छत है हमारी दुनिया की प्रस्तुति भी शानदार रही।
वाइल्ड लाइफ पर आधारित ओल्ड मेडावल्ड गीत पर नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने जीव जंतुओं की भाव भंगिमाओं को प्रस्तुत कर वाहवाही लूटी। कक्षा नौ से बारहवीं के विद्यार्थियों ने सामाजिक राष्ट्रीय विषयों पर कव्वालियां प्रस्तुत की और सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया। कंवरपाल ने स्कूल में कंप्यूटर्स के लिए दो लाख रुपए अनुदान के रूप में देने की घोषणा की। डीएवी पब्लिक स्कूलों की क्षेत्रीय निदेशिका मधु बहल भी मुख्य रूप से उपस्थित रही। डीएवी प्रबंधन समिति के चेयरमैन विजय कपूर ने संस्थान की विभिन्न गतिविधियों भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डाला। मौके पर प्रिंसिपल वीएस ठाकुर, स्वामी सच्चिदानंद, राजेश सपरा, मुकेश त्यागी, नीरू अग्रवाल, स्वर्ण महेंद्रू, एसएस सपरा उपस्थित थे।