बस ट्रक की टक्कर, 6 घायल, 2 की हालत गंभीर
अलवरसे गंगानगर जा रही राजस्थान रोजवेज की बस बुधवार सुबह गांव गहली के निकट आगे चल रहे ट्रक द्वारा अचानक ब्रेक लेने से उससे टकरा गई। इस दुर्घटना में राजस्थान रोडवेज बस में सवार 2 महिलाओं समेत 6 लोग घायल हो गए। घायलों में से 2 की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद आगामी इलाज के लिए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया है। शेष 4 घायलों को नारनौल के सिविल अस्पताल में उपचार दिया जा रहा है। जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने इस संदर्भ में घायलों के बयान पर दुर्घटना के आरोप में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
राजस्थान रोडवेज की बस बुधवार सुबह अलवर से चल कर गंगानगर जा रही थी। बस सुबह 8:30 बजे नारनौल पहुंची थी। नारनौल से सवारी बैठाने के बाद बस सिंघाणा रोड से गंगानगर के लिए रवाना हुई। अभी बस गांव गहली के निकट पेट्रोल पंप के पास ही पहुंची थी कि अचानक पेट्रोल पंप से डीजल डलवा कर टाटा एस टैंपो सड़क पर गया। अचानक टैंपो के सड़क पर आने से रोडवेज बस के आगे चल रहे ट्रक ने उसे बचाने के लिए ब्रेक लगा दिए। ट्रक द्वारा अचानक ब्रेक लगाने के कारण बस ट्रक से टकरा गई।
इस दुर्घटना में बस में सवार गांव जैनपुरावास निवासी रामस्वरूप, नारनौल निवासी शेरसिंह, गांव डाडरिया निवासी गीता देवी, बीरकला निवासी सुनीता, गांव धौलिया निवासी सांवरमल अलवर निवासी अशोक घायल हो गए। घायलों की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने उन्हें बस से निकाल उपचार के लिए नारनौल के सिविल अस्पताल पहुंचाया। जहां रामस्वरूप गीता देवी की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद आगामी इलाज के लिए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। शेष घायलों को नारनौल के सिविल अस्पताल में उपचार दिया जा रहा है।
नारनौल. सिविलअस्पताल में उपचार के दौरान राजस्थान रोजवेज बस के घायल यात्री
नारनौल |गांव गोद के निकट मंगलवार देर शाम नीलगाय की चपेट में आने से स्कूटी सवार 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। जबकि उसका साथी घायल हो गया। घायल युवक को नारनौल के सिविल अस्पताल में उपचार दिया जा रहा है। जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने बुधवार को मृतक का नारनौल के सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। गांव गोद निवासी विकास (22) उसका मित्र अजय कुमार (20) मंगलवार देर शाम करीब 7 बजे स्कूटी पर सवार होकर गोद से गांव गुत्ती जा रहे थे। अभी वे गोद से मात्र आधा किलोमीटर दूर ही पहुंचे थे कि अचानक खेतों से निकल कर एक नीलगाय भागती हुई सड़क पर गई जिससे स्कूटी से टकरा गई। इस दुर्घटना में विकास अजय कुमार घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे लोगों ने दोनों घायलों को उपचार के लिए नारनौल के सिविल अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने विकास को मृत घोषित कर दिया तथा अजय कुमार को उपचार के लिए दाखिल कर लिया।