मीरा की सराय में युवक ने फंदा लगा दी जान
नारनौल |मोहल्ला मीरा की सराय में शुक्रवार रात्रि एक युवक ने घर में अज्ञात कारणों के चलते पंखे के हुक पर फंदा लगाकर जान दे दी। सुबह 8 बजे परिजनों को घटना की जानकारी लगी। सूचना पर पुलिस ने परिजनों मोहल्ले के लोगों की मौजूदगी में शव को नीचे उतार पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मृतक की जेब से मिले सुसाइड नोट के आधार पर धारा 174 के तहत कार्रवाई की है।
शहर के मोहल्ला मीरा की सराय निवासी 30 वर्षीय पवन कुमार ने शुक्रवार रात्रि 9 बजे खाना खाकर घर पर अपने कमरे में सोया था। सुबह 8 बजे तक जब वह कमरे से बाहर नहीं आया तो परिजनों ने उसे पंखे के हुक पर रस्सी से लटके देखा। सूचना मिलने पर मोहल्ले के लोग जमा हो गए और घटना की जानकारी पुलिस को दी। उसकी जेब से एक सुसाइड नोट मिला। सुसाइड नोट में मृतक ने अपनी मौत के लिए किसी का कोई दोष नहीं दिया है।
परिजनों ने बताया कि पवन गांधी धाम (गुजरात) में मुनीम का कार्य करता था। 6 महीने पहले युवक की शादी हुई थी। इसके बाद से वह गांधी धाम नहीं गया था, शनिवार को उसे गांधी धाम जाना था। परिजनों ने बताया कि पवन की प|ी 2 दिन पूर्व मायके गई थी। घटना के समय वह कमरे में अकेला था। घर पर उसका किसी से कोई मनमुटाव नहीं था। उसने यह कदम क्यों उठा लिया, यह बात उनकी समझ से बाहर है।