किसानों ने की धान निर्यात बढ़ाने की मांग
बहादुरगढ़| ऑलइंडिया कृषक खेत मजदूर संगठन ने केंद्र सरकार से बासमती धान का निर्यात बढ़ाने की मांग की है। संगठन के प्रदेशाध्यक्ष अनूप सिंह और जिला अध्यक्ष जयकरण मांडोठी ने पत्रकारों को बताया कि निर्यात पर रोक लगने से धान का भाव इतना कम हो गया है कि लागत भी नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा कि पहले ही जुलाई अगस्त में बारिश नहीं हुई। किसानों ने ट्यूबवेल के पानी से फसलें बचाई। केवल सिंचाई का खर्च ही नहीं बल्कि जुताई, कीटनाशक, खरपतवार नाशक खाद-बीज के दाम भी बढ़े हैं। ऐसे में निर्यात की कमी से किसान आत्महत्या को मजबूर हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतें काफी कम हो गई हैं, डीजल पर तेल कंपनियों को बड़े पैमाने पर लाभ हो रहा है। फिर भी केंद्र सरकार ने डीजल आदि के दाम कम नहीं किए हैं। उन्होंने सरकार से धान का निर्यात बढ़ाने तथा पेट्रोलियम पदार्थों के दाम कम करने की मांग की है।