201 इंद्रों ने 108 कलशों से किया महा मस्ताभिषेक
रानीलागांव स्थित भगवान आदिनाथ दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र में रविवार को मानस्तंभ पंच कल्याणक प्रतिष्ठा एवं रजत जयंती महोत्सव के दूसरे दिन का कार्यक्रम धूमधाम से संपन्न हुआ। आचार्य श्रुतसागर मुनिराज के सानिध्य में श्रद्धालुओं ने जाप, नित्यमह पूजा, याग मंडल विधान, वृहद शांतिधारा, मंगल आरती, प्रवचन-भजन में भागीदारी की। मुख्यअतिथि प्रदेश के कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ रहे।
सुबह 6:30 बजे श्रद्धालुओं द्वारा जलाभिषेक एवं महा शांतिधारा के साथ महोत्सव का शुभारंभ किया गया। नित्यमय पूजन, कलश स्थापना, दीपक स्थापना, याग मंडल विधान ब्रह्मचार्य जयकुमार के निर्देशन में पूरा किया गया। इस अवसर पर दिल्ली, मेरठ, बहादुरगढ़, छपरौली, बडौत, हांसी, हिसार, गोहरान, भिवानी आदि क्षेत्रों के श्रद्धालुओं ने आयोजन में शिरकत कर धर्म लाभ उठाया।
दोपहर की सभा में 12:30 बजे मुलनायक प्रतिमा श्री आदिनाथ भगवान की 25वीं हीरक जयंति के शुभ अवसर पर 201 इंद्रों द्वारा 108 कलशों से महा मस्तकाभिषेक एवं वृहद शांतिधारा को संपन्न कराया गया। कृषिमंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने मंदिर परिसर में विराजमान श्री 1008 आदिनाथ भगवान के दर्शन किए और श्रद्धालुओं के साथ 108 दीपों की आरती की। इस दौरान उन्होंने श्रुत सागर महाराज को श्रीफल अर्पण करते हुए मंगल आशीर्वाद लिया। इस दौरान ओमप्रकाश धनखड़ को ग्रामीणों ने पेयजल किल्लत के बारे में अवगत कराया। गोशाला संचालकों ने उनके समक्ष गोशाला से संबंधित मांगें रखीं। कृषि मंत्री ने समस्याओं को शीघ्र हल कराने का आश्वासन दिया।
समारोह में ये रहे उपस्थित
समारोहमें डाॅ. संजीव मडिया, संजय छपारिया, सुरेंद्र जांगड़ा, तिलक कुमार जैन, डाॅ. एमके जैन, डाॅ. सुभाष जैन, ललित प्रसाद जैन, अरूण जैन, मीडिया प्रभारी राजीव जैन, विजय अग्रवाल, आदिश जैन, विजय जैन, विकास दलाल, अनिल लोहिया, वेद दलाल, सिद्धार्थ जैन, विजय जैन, शैलेंद्र जैन, मनोज जैन, दयाचंद जैन, प्रमोद जैन एवं क्षेत्र के नागरिक उपस्थित रहे।
स्मृति चिह्न देकर अतिथि को किया सम्मानित
अंतमें श्रद्धालुओं ने मत्था टेका और जन कल्याण का आशीर्वाद अाचार्य श्रुत सागर से लिया। इस अवसर पर प्रबंध कारिणी प्रधान तिलक कुमार जैन, ट्रस्ट चेयरमैन उद्योगपति विजय कुमार जैन, नवहिंद जैन सहित प्रबंधकारिणी के सदस्यों ने मुख्यअतिथि को मनके की माला, पटका, बैज सहित शाल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। श्रद्धालुओं के भोजन की व्यवस्था हांसी के विजय जैन एवं उनके परिवार द्वारा की गई।
रोहतक. रानीला में चल रहे रजत जयंती समारोह में कृषि मंत्री अोपी धनखड़ को आशीर्वाद देते जैन संत श्रुत सागर। (दाएं) पूजा अर्चना के दौरान मौजूद श्रद्धालु।