टूटी सड़क को लेकर लोगों ने जताई नाराजगी
शहरके राजकीय कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल से चील घर तक की टूटी सड़क को लेकर वार्ड पार्षद सचिव बंसल ने नाराजगी जताई है। वार्ड पार्षद ने इस संदर्भ में मंगलवार को उपायुक्त के नाम एक शिकायत पत्र उनकी अनुपस्थिति में सीटीएम को सौंप कर इस मुख्य सड़क मार्ग का निर्माण करवा लोगों को राहत प्रदान करने का आग्रह किया।
वार्ड पार्षद ने सीटीएम को सौंपे अपने शिकायत पत्र में लिखा है कि चील घर से गर्ल्स स्कूल होते हुए सामान्य अस्पताल की ओर जाने वाला यह मुख्य सड़क मार्ग अस्पताल के अलावा राजकीय स्नातकोत्तर कालेज, बैंक, अनाज मंडी, काठ मंडी, डाकघर रेलवे स्टेशन को अपने साथ जोड़ता है। इसलिए इस सड़क मार्ग पर सुबह से लेकर देर शाम तक लोगों का आवागमन लगा रहा है, लेकिन इस सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
सबसे अधिक परेशानी तो इस मार्ग से अस्पताल आने वाले मरीजों को होती है, लेकिन नगर परिषद प्रशासन इस सड़क की मरम्मत की ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। इसलिए वह इस क्षेत्र का प्रतिनिधि होने के नाते प्रशासन से जल्द से जल्द इस सड़क की मरम्मत करवाने की मांग करता है।