पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • कुलताजपुर रोड पर ढहाए अवैध निर्माण

कुलताजपुर रोड पर ढहाए अवैध निर्माण

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जिलानगर योजनाकार विभाग ने शुक्रवार दोपहर कुलताजपुर रोड पर बन रही एक कॉलोनी के अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाया। विभाग ने जेसीबी से खुदाई कर कॉलोनी में बनाई जा रही सड़क को देखते-देखते खाई में तब्दील कर दिया।

इस मौके पर जिला टाउन प्लान के अधिकारी तथा नायब तहसीलदार के अलावा विभाग के कर्मचारी भी उपस्थित रहे। जानकारी के अनुसार मनोज जांगड़ा नामक व्यक्ति ने डीएवी स्कूल के नजदीक लगभग पांच एकड़ भूमि पर कॉलोनी बनाते हुए प्लॉटिंग की थी। यहां प्लॉट लेने वाले कुछ लोगों ने नींव भरनी भी शुरू कर दिए थे। शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे जिला टाउन प्लॉनिंग विभाग के सहायक टाउन प्लॉनर, मौके के मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार ओमप्रकाश तथा कर्मचारियों ने मौके का मुआयना किया। मौके पर बैठे संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ की, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर जेसीबी की मदद से वहां बनाई गई कच्ची सड़क तथा चारदीवारियों को तोड़कर उसे समतल किया गया। सहायक टाउन प्लॉनिंग अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि उक्त भूखंड पर अवैध रूप से निर्माण कार्य किया जा रहा था तथा यहां पर अवैध कॉलोनी काटी जा रही थी।

इसके लिए विभाग ने पहले ही अनेक बार नोटिस जारी किया था लेकिन उसके बाद भी कॉलोनी काटने का काम जारी था। लगभग तीन घंटे तक अवैध कॉलोनी को तोड़ने के इस क्रम में कॉलोनी के मालिक तथा विभाग के अधिकारियों के बीच बातचीत भी हुई तथा अंतत उक्त अवैध निर्माण को विभाग ने तोड़कर ही सांस लिया। उनके अनुसार इस मामले में जिला टाउन प्लॉनिंग विभाग से उक्त कॉलोनी को लेकर नोटिस भी जारी किया गया था लेकिन नोटिस का अभी तक कोई जवाब नहीं मिला तथा आज इस अवैध कॉलोनी को तोड़ दिया गया है तथा संबंधित व्यक्ति को चेतावनी भी दे दी है कि वे भविष्य में ऐसा अवैध निर्माण करें, नहीं तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

नारनौल. कुलताजपुररोड पर अवैध प्लाटिंग की सड़कों को तोड़ती जेसीबी।