पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • वाल्मीकि बस्ती में दूषित पानी की सप्लाई

वाल्मीकि बस्ती में दूषित पानी की सप्लाई

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नगरपरिषद कार्यालय के निकट स्थित वाल्मीकि बस्ती के लोगों ने गुरुवार को लघु सचिवालय में नगराधीश से मिल कर उनके नलों में लंबे समय से सप्लाई हो रहे दूषित पानी की शिकायत की।

वाल्मीकि बस्ती के लोगों का आरोप था कि उनके नलों में तीन-चार साल से लगातार दूषित पानी रहा है। इसकी जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से बार-बार शिकायत करने के बावजूद उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इससे लोगों में जनस्वास्थ्य विभाग के प्रति भारी रोष है।

वाल्मीकि बस्ती निवासी राजेंद्र, सतीश कुमार, अशोक, राहुल, सुंदर, अजय कुमार, पवन, पोंटी, मुन्नालाल, दिनेश, चंकी पम्मी आदि ने नगराधीश को सौंपे अपने शिकायत पत्र में बताया कि उनकी बस्ती में जनस्वास्थ्य विभाग की पुरानी पेयजल लाइन से पानी की सप्लाई दी जा रही है। यह पाइप लाइन इतनी पुरानी हो चुकी है कि जगह-जगह से टूट चुकी है। ऐसे में इस पुरानी लाइन से पेयजल सप्लाई होने से नलों में मिट्टीयुक्त पानी सप्लाई हो रहा है। इस पानी में इतनी मिट्टी होती है कि पीना तो दूर की बात नहाया भी नहीं जा सकता। ऐसी स्थिति में बस्ती के लोगों को लंबे समय से टैंकरों से मोल पानी खरीद कर अपना काम चलाना पड़ रहा है। इससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाने के साथ-साथ परेशानी से भी जूझना पड़ रहा है।

शिकायत करने के बावजूद नहीं हो रही है सुनवाई

शिकायतकर्ताओंने बताया कि पुरानी एवं जर्जर हो चुकी पेयजल लाइन के स्थान पर नई लाइन डलवाने के लिए वाल्मीकि बस्ती के लोग 8 से 10 बार जनस्वास्थ्य विभाग कर्मचारियों अधिकारियों से मिल चुके हैं, लेकिन अधिकारियों की ओर से उन्हें अभी तक कोरे आश्वासन मिले हैं। इस प्रकार जनस्वास्थ्य विभाग अधिकारियों की लापरवाही के कारण वाल्मीकि बस्ती के लोगों को पेयजल की समस्या से जूझना पड़ रहा है। पेयजल समस्या के चलते लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।