नांगलकाठा रोड खस्ताहाल, हादसे का अंदेशा
गोदबलाहा | नारनौलसे नांगलकाठा को जोड़ने वाली सड़क की हालत खस्ता होती जा रही है। सड़क में हुए गड्ढों के कारण यहां किसी भी समय दुर्घटना होने का डर ग्रामीणों का सता रहा है। ग्रामीण मनोज यादव, सूबेसिंह, धर्मवीर, विजय सिंह, देवेन्द्र, राकेश राजेन्द्र यादव आदि ने बताया कि यह सड़क खटोटी सुलतान, जाखनी, खोड़मा, बापडौली, जैलाफ, नांगलकाठा के अलावा आधा दर्जन भर राजस्थान के गांवों को जिला मुख्यालय नारनौल से जोड़ने वाली मुख्य सड़क है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं, जिसकी वजह से यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। सड़क पर ओवर लोडेड वाहनों का आवागमन अधिक होता है। इस वजह से सड़क की हालत और जर्जर होती जा रही है तथा साथ ही गड्ढों के कारण यहां वाहनों के पलटने की भी आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।