- Hindi News
- कर्मचारी 26 को जिला स्तर पर देंगे सामूहिक गिरफ्तारी
कर्मचारी 26 को जिला स्तर पर देंगे सामूहिक गिरफ्तारी
हरियाणासर्व कर्मचारी संघ की जिला कार्यकारिणी की बैठक गुरुवार को प्रधान महेंद्र कुमार यादव की अध्यक्षता में पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में हुई। बैठक में उपस्थित कर्मचारियों ने केंद्रीय ट्रेड यूनियनों एवं अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर 26 फरवरी के प्रस्तावित जेल भरो आंदोलन में जिला स्तर पर सामूहिक गिरफ्तारी देने का निर्णय लिया।
जिला प्रधान महेंद्र कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार की पूंजीपतियों के हकों में श्रम कानूनों में बदलाव की हठधर्मिता, प्रत्यक्ष विदेशी निवेश पीपीपी की नीतियों के खिलाफ 26 फरवरी को देशभर में जेल भरो आंदोलन होगा। इस राष्ट्रीय सत्याग्रह आंदोलन में जिला स्तर पर अधिक से अधिक कर्मचारी सामूहिक गिरफ्तारी देंगे। इसके बाद भी यदि सरकार ने इन नीतियों में परिवर्तन नहीं किया तो मार्च माह के अंत में राष्ट्रव्यापी हड़ताल की जाएगी। अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ 24 फरवरी को सभी प्रदेशों की राजधानियों, जिला ब्लाक स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। जिला सचिव राजपाल यादव ने कहा कि गत 23 जनवरी को मुख्यमंत्री कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल के बीच हुई वार्ता में बड़े पैमाने पर तबादले करने, बकाया वेतन के भुगतान के लिए बजट जारी करने, नई भर्तियों में अनुबंध कर्मचारियों को प्राथमिकता देने का आश्वासन दिया था, लेकिन मुख्यमंत्री ने अभी तक इनमें से किसी भी बात पर अमल नहीं किया है। कर्मचारियों ने 26 फरवरी को जेल भरो आंदोलन में बढ़ चढ़ कर भाग लेने का निर्णय लिया है। सरकार को आगाह किया कि वह दिल्ली चुनाव से सबक लेकर कर्मचारियों की जायज मांगों को लागू करे। बैठक में धर्मपाल शर्मा, हरनंदराय सुरेश चंद, रामनिवास, हरिराम, रामशरण कसाना, अर्जुन सोनी, शीतलदास महेंद्र सिंह कर्मचारी उपस्थित थे।
सर्वकर्मचारी संघ की बैठक को संबोधित करते यूनियन प्रधान राजपाल सिंह