रोहतक. हरियाणा के रोहतक में कुछ दिनों पहले गैंगरेप की शिकार बनी नेपाली मूल लड़की के प्राइवेट पार्ट को दो पत्थरों से कुचला गया था। पीड़िता का पोस्टमॉर्टम करने वाली टीम ने दावा किया है कि पीड़िता को अर्ध-नग्न हालत में दीवार से फेंक दिया गया था। पोस्टमॉर्टम करने वाले टीम के हेड डॉ. एस. के. धतरवाल (फॉरेंसिक मेडिसिन हेड, पीजीआईएमएस रोहतक) ने कहा कि पीड़िता के शरीर में 16 सेंटीमीटर एस्बेस्टस शीट मिली है। डॉक्टरों ने यह भी कहा कि पीड़िता के प्राइवेट पार्ट के अंदर एक कंडोम भी पाया गया। डॉक्टर का कहना है कि पीड़िता के शरीर पर चोट के कुल नौ निशान मिले हैं। उसके सिर को किसी भारी पत्थर से तोड़ने की कोशिश भी की गई थी। जांघों और शरीर पर खरोच के कई निशान मिले हैं, जिससे पता चला कि उसके साथ रेप हुआ था, क्योंकि पीड़िता का गर्भाशय और आंत फटी हुई थी। डॉक्टर ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में ऐसा मामला नहीं देखा था। इस बीच, रोहतक पुलिस ने इस मामले आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 4 फरवरी को रोहतक के बहुअकबरपुर गांव के एक खेत में पुलिस ने पीड़ित लड़की का नेकेड शव बरामद किया था। पीड़िता एक फरवरी को लापता हुई थी।
पुलिस का दावा, आरोपियों ने अपना गुनाह कबूला
इस मामले में गिरफ्तार किए गए आठ आरोपियों ने पुलिस के सामने गुनाह कबूल कर लिया है। पुलिस का दावा है कि सभी आरोपी रोहतक के ही रहने वाले हैं। हरियाणा के डीजीपी वाईपी सिंघल ने कहा कि आरोपियों को जल्द ही कोर्ट में पेश किया जाएगा। आरोपियों के नाम राजेश, सरवार, मनबीर, प्रमोद, सुनील, पवन, सुनील उर्फ मढ्ढा और संतोष नेपाली बताए जा रहे हैं। एक आरोपी सोमबीर अभी भी गिरफ्त से बाहर है।
कांग्रेस ने की सरकार की निंदा, सीएम खट्टर ने की पुलिस की तारीफ
इस मामले में कांग्रेस ने राज्य सरकार की निंदा की है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पुलिस की निष्क्रियता के कारण इतना बड़ा मामला हो गया और पुलिस ठीक से जांच तक नहीं कर रही है। इधर, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने पुलिस का बचाव करते हुए कहा कि पुलिस ने इस मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तारी में एक नेपाली युवक भी
इस बीच जांच में शामिल पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिन आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है उसमें एक आरोपी नेपाली मूल का रहने वाला है। इस आधार पर पुलिस आशंका व्यक्त कर रही है कि उसी युवक ने इस मामले की साजिश रची होगी। पुलिस उस युवक और पीड़िता के परिवार से पूछताछ करने की योजना बना रही है।
इलाज के लिए नेपाल से रोहतक आई थी पीड़िता
पुलिस का कहना है कि युवती मूलरूप से नेपाल की रहने वाली थी और वह मंदबुद्धि थी। अपना मानसिक इलाज कराने के लिए वह अपने बहन के पास रोहतक आई थी। उसकी बहन रोहतक की चिन्योट कॉलोनी में रहती है। वह गत एक फरवरी से लापता थी, जिसकी शिकायत पीजीआई पुलिस स्टेशन में भी दर्ज कराई गई थी।