पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

3.74 करोड़ से संवरेंगी सड़कें: 15 दिन के अंदर शुरू होगा निर्माण कार्य

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पानीपत। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (हुडा) के वासियों के लिए एक नहीं बल्कि दो अच्छी खबरें हैं। एक तो यह कि जर्जर सड़कें फिर से संवरेंगी। हुडा के रिहायशी सेक्टर-12 की दो सड़कों के निर्माण के लिए वर्क ऑर्डर कर दिए गए हैं। वहीं दूसरी ओर औद्योगिक सेक्टर 25 पार्ट 1 व 2 की सड़कों के लिए एस्टीमेट पास हो गया है। चुनाव के बाद इसके टेंडर किए जाएंगे। कुल 3.74 करोड़ रुपए से हुडा की सड़कें नए सिरे से बनेंगी।
हुडा के रिहायशी और औद्योगिक सेक्टरों की बदहाल सड़कें फिर से बनाई जाएंगी। सेक्टर 12 की दो सड़कों के निर्माण की प्रक्रिया चुनाव आचार संहिता लागू होने से पहले ही पूरी कर ली गई है। वहीं, औद्योगिक सेक्टर-25 पार्ट 1 व 2 की खस्ताहाल सड़कों के लिए पानीपत हुडा विभाग ने एस्टीमेट बनाकर चंडीगढ़ भेजा था, जिसकी मंजूरी तो मिल गई लेकिन यह चुनाव आचार संहिता के फेर में फंसा हुआ है।

1.60 करोड़ से बनेगी सेक्टर-12 की दो सड़कें: सेक्टर-12 में एसडी विद्या मंदिर से नवां कोट गुरुद्वारा और आर्य समाज मंदिर से मित्तल मेगा मॉल के सामने तक नई सड़क बनाई जाएगी। दोनों सड़कों पर 1.60 करोड़ रुपए का खर्चा होगा। दोनों ही सड़कों की हालत खस्ता हो चुकी है। इसको लेकर यहां के वार्ड -13 की पार्षद सुधा अग्रवाल के पति रामरतन अग्रवाल कई बार धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दे चुके हैं। 15 सितंबर से धरना देने का अग्रवाल ने ऐलान भी कर दिया था, लेकिन ऐन वक्त पर आचार संहिता लागू हो गई और अग्रवाल को अपने कदम पीछे खींचने पड़े।
गड्ढों के कारण चलना मुश्किल
सेक्टर-12 में नवां कोट गुरुद्वारा से लेकर एसडी कॉलेज तक सड़क टूटी हुई है और पत्थर के टुकड़े नजर आते हैं। पानी जमा होने की वजह से कई जगह गड्ढा भी बन गया है। वहीं, हुडा के औद्योगिक सेक्टर 25 पार्ट 1 व 2 की बेहाल सड़कों की हालत वहीं जाने, जिसका इन सड़कों से पाला पड़ा हो। बिक्री कर विभाग कार्यालय की ओर जाने वाली सड़कें भी टूटी हुई हैं। रात को राहगीरों को सावधानी से बाइक चलानी पड़ती है। थोड़ी सी बरसात से सड़क पर पानी भर जाता है।
शर्तों पर खरा नहीं उतरने पर जब्त होगी सुरक्षा मनी
हुडा सड़कों का निर्माण करने वाले ठेकेदारों को शर्तों पर ठेका देता है। शर्त 3 से 5 साल तक सड़कों की देखभाल और मरम्मत की होती है। इसके तहत 5 प्रतिशत सिक्योरिटी मनी जब्त की जा सकती है। यह रकम अधिक भी हो सकती है। हालांकि, हुडा के इतिहास में आज तक ऐसा नहीं हुआ है। जब मरम्मत न करने की एवज में किसी ठेकेदार की सिक्योरिटी मनी जब्त की गई हो।
10 रिहायशी, 4 औद्योगिक सेक्टर
हुडा के 10 रिहायशी और 4 औद्योगिक सेक्टर हैं। ये सेक्टर 6, 7, 8, 11, 12, 13-17, 18, 19, 24 और 40 हैं। वहीं 4 औद्योगिक सेक्टर-25 पार्ट 1 व 2 तथा सेक्टर 29 पार्ट 1 व 2 हैं।
काम चुनाव के बाद : कादियान
सेक्टर-12 की दोनों सड़कों का काम 15 दिनों में शुरू हो जाएगा। वहीं सेक्टर 25 पार्ट 1 व 2 के लिए बजट को मंजूरी मिल गई है। चुनाव के बाद इन सेक्टरों की सड़कें भी बनाई जाएंगी।
- कुलदीप कादियान, एसडीई 3, हुडा पानीपत।
(फोटो- सेक्टर-25 ट्रांसपोर्ट नगर की जर्जर सड़क से गुजरते वाहन।)