जींद। सेकंडरी एजुकेशन डायरेक्टर ने मंगलवार को प्रदेश के विभिन्न जिलों में लगे 325 गेस्ट टीचरों को विभागीय नीतियों की उल्लंघना पाए जाने पर सेवाएं समाप्त कर दी हैं।
जिन गेस्ट टीचरों की सेवाएं विभाग द्वारा समाप्त की गई हैं। उनमें सबसे अधिक 174 मेवात जिले के व 94 गेस्ट टीचर फरीदाबाद जिले के शामिल हैं। डायरेक्टर सेकंडरी शिक्षा विभाग ने लिए गए इस निर्णय के बारे में सभी जिलों के शिक्षा अधिकारियों को भी अवगत कराया है।
शिक्षा विभाग द्वारा गेस्ट टीचरों को हटाए जाने के मामले को लेकर 10 सितंबर 2012 को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में बिजेंद्र कुमार द्वारा याचिका दायर कर चुनौती दी गई थी। इस पर हाईकोर्ट ने विभाग को चार कमेटियों का गठन कर कौन-कौन से कर्मचारी विभागीय नीतियों का उल्लंघन करते हैं इसकी जांच करने के लिए कहा था।
निदेशालय स्तर पर मामले को लेकर चार कमेटियों का गठन किया गया। इन कमेटियों ने प्रदेश के 325 गेस्ट टीचरों को विभागीय अनियमितता का दोषी पाया। इसी रिपोर्ट के आधार पर शिक्षा निदेशालय ने 325 गेस्ट टीचरों की अब सेवाओं को समाप्त कर दिया है।
किस जिले के कितने गेस्ट टीचर
अम्बाला 4
भिवानी 2
फरीदाबाद 94
फतेहाबाद 3
हिसार 4
जींद 5
कैथल 7
करनाल 13
महेंद्रगढ़ 3
मेवात 174
पलवल 1
पंचकूला 1
पानीपत 3
रेवाड़ी 2
रोहतक 6
सिरसा 3
नोट : आंकड़े शिक्षा विभाग द्वारा जारी की गई सूची के अनुसार हैं।